
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी अनुज मलिक ने गुरुवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय स्थित मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, अभिलेखों के रख-रखाव और अस्पताल परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया।
उपस्थिति पंजिका के निरीक्षण में कई चिकित्सक एवं कर्मचारी समय से अनुपस्थित मिले। इस पर डीएम ने संबंधित सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमओ डॉ. रामानुज कनौजिया को अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार करते हुए सभी चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और कर्मचारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अभिलेखों का रख-रखाव भी व्यवस्थित नहीं मिला। डीएम ने संबंधित पटल सहायकों को सभी पत्रावलियों एवं अभिलेखों को व्यवस्थित तरीके से संरक्षित करने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए नियमित सफाई और छिड़काव सुनिश्चित कराने के लिए अस्पताल प्रशासन तथा संबंधित एजेंसी को कड़े निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि सरकारी अस्पताल में उपलब्ध कराई जाने वाली सभी आवश्यक दवाएं मरीजों को अस्पताल से ही मिलनी चाहिए। किसी भी मरीज को बाहर से दवा लिखे जाने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार करने तथा दूर-दराज से आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।
उन्होंने बायोमैट्रिक उपस्थिति व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराने तथा ड्यूटी शुरू और समाप्त होने पर उपस्थिति दर्ज करने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही अथवा अनधिकृत अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया सहित चिकित्सक, कर्मचारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



More Stories
नाथनगर ब्लॉक की नौ विकास परियोजनाओं का विधायक ने किया लोकार्पण
मगहर पहुंचीं डीएम अनुज मलिक, कबीर की समाधि पर की पूजा-अर्चना, मजार पर चढ़ाई चादर
श्री अन्न से स्वस्थ समाज और किसानों की बढ़ेगी आय : गणेश चौहान