
संतकबीरनगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को संत कबीर अकादमी, मगहर में कृषि विभाग की ओर से जनपद स्तरीय श्री-अन्न मिलेट्स मेला एवं प्रदर्शनी, रेसिपी विकास व उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि धनघटा विधायक गणेश चंद्र चौहान, जिलाधिकारी अनुज मलिक और मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मेले में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता, महिला स्वयं सहायता समूह, कृषक उत्पादक संगठन सहित विभिन्न विभागों के स्टाल लगाए गए। कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी के साथ किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती, श्री-अन्न उत्पादन, हाईटेक नर्सरी, फसल अवशेष प्रबंधन, बीज उत्पादन एवं भंडारण की जानकारी दी गई।
विधायक गणेश चंद्र चौहान ने कहा कि श्री-अन्न हमारी पारंपरिक खाद्य संस्कृति का हिस्सा रहा है। इसके उत्पादन को बढ़ावा देने से किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने किसानों से मोटे अनाज को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि किसान का सम्मान ही देश का सम्मान है।
जिलाधिकारी अनुज मलिक ने श्री-अन्न की प्रदर्शनी और रेसिपी प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि मोटे अनाज को दैनिक आहार का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। कम लागत में उत्पादन होने के कारण यह किसानों के लिए भी उपयोगी है। सीडीओ जयकेश त्रिपाठी ने भी श्री-अन्न के उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में श्री-अन्न रेसिपी प्रतियोगिता में कृषक उत्पादक संगठनों, एनआरएलएम समूहों, रेस्टोरेंट और विद्यालयों के प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
इस दौरान जिला विकास अधिकारी रुक्मणी वर्मा, उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रगतिशील किसान, महिलाएं और बड़ी संख्या में कृषक मौजूद रहे।



More Stories
नाथनगर ब्लॉक की नौ विकास परियोजनाओं का विधायक ने किया लोकार्पण
डीएम का अस्पताल में औचक निरीक्षण, गैरहाजिर डॉक्टर-कर्मचारियों को नोटिस के निर्देश
मगहर पहुंचीं डीएम अनुज मलिक, कबीर की समाधि पर की पूजा-अर्चना, मजार पर चढ़ाई चादर