शैक्षिक-सांस्कृतिक चेतना के व्यापक प्रसार में योगदान के लिए नालंदा हिंदी विद्यापीठ ने किया सम्मानित

संतकबीरनगर। जनपद के वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रबंध संपादक डॉ. पीएन पांडेय को शैक्षिक एवं सांस्कृतिक चेतना के व्यापक प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘विद्या वाचस्पति’ मानद सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें नालंदा हिंदी विद्यापीठ और धरा धाम इंटरनेशनल के संयुक्त तत्वावधान में गोरखपुर के एसएस लाइब्रेरी में आयोजित गांधी विचार संगम एवं सम्मान समारोह में प्रदान किया गया।

गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित समारोह में शिक्षा, संस्कृति, समाजसेवा और मानवता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभूतियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसी क्रम में डॉ. पीएन पांडेय के शैक्षिक और सांस्कृतिक जागरूकता के क्षेत्र में किए गए कार्यों को देखते हुए उन्हें ‘विद्या वाचस्पति’ सम्मान प्रदान किया गया।
मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम करमैनी निवासी डॉ. पांडेय पत्रकारिता के साथ ही सामाजिक एवं सांस्कृतिक सरोकारों से भी जुड़े रहे हैं। उन्हें इससे पहले भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न सम्मानों से नवाजा जा चुका है। नेपाल के लुंबिनी में आयोजित सार्क सम्मेलन में सार्क सम्मान तथा काठमांडू में सार्क प्राइड अवार्ड से सम्मानित किया गया। भारत-भूटान संबंधों को मजबूती देने और पत्रकारिता के माध्यम से सकारात्मक प्रयासों के लिए उन्हें इंडो-भूटान फ्रेंडशिप अवार्ड भी मिल चुका है।
इसके अलावा नई दिल्ली में इंडियन सोशल सर्विस आइकॉनिक अवार्ड, भोपाल में गौरव सम्मान, बिहार में अंतरराष्ट्रीय मगध गौरव सम्मान और पर्यावरण महाकुंभ में एक्सीलेंस गौरव सम्मान सहित वृंदावन में आयोजित विद्यालय दिव्य महाकुंभ में कविवर विमल सम्मान भी उन्हें प्राप्त हो चुका है।
‘विद्या वाचस्पति’ सम्मान मिलने पर डॉ. पीएन पांडेय ने धरा धाम इंटरनेशनल के संस्थापक संत शिरोमणि डॉ. सौरभ पांडेय और नालंदा हिंदी विद्यापीठ के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गौरव का क्षण है और इससे शैक्षिक एवं सांस्कृतिक चेतना के प्रसार के लिए कार्य करने की जिम्मेदारी और बढ़ गई है।
सम्मान मिलने पर विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी, सपा महिला नेत्री प्रिया पाठक, अभय दूबे, प्रदीप वर्मा, शैलेश सिंह, धर्मेंद्र सिंह मुन्ना, करण चौधरी, सुनील अग्रहरी, राहुल यादव, जयनाथ सिंह और शंकर सहाय समेत विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक एवं पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों ने बधाई दी।



More Stories
नाथनगर ब्लॉक की नौ विकास परियोजनाओं का विधायक ने किया लोकार्पण
डीएम का अस्पताल में औचक निरीक्षण, गैरहाजिर डॉक्टर-कर्मचारियों को नोटिस के निर्देश
मगहर पहुंचीं डीएम अनुज मलिक, कबीर की समाधि पर की पूजा-अर्चना, मजार पर चढ़ाई चादर