
डीएम बोले- जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें अधिकारी, एसपी ने थानाध्यक्षों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को खलीलाबाद तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने भी फरियादियों की शिकायतें सुनीं। अधिकारियों ने मौके पर निस्तारण योग्य प्रकरणों का तत्काल समाधान कराया तथा शेष मामलों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को सौंप दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं संतोषजनक समाधान करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की उदासीनता सामने आई तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण में मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
खलीलाबाद तहसील में कुल 107 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 18 का मौके पर निस्तारण किया गया। 11 मामलों में स्थलीय जांच के लिए टीम गठित की गई, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया।
इसी क्रम में धनघटा तहसील में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने शिकायतों की सुनवाई की। यहां 75 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया तथा शेष मामलों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
वहीं मेहदावल तहसील में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए 42 शिकायतों की सुनवाई की। इनमें से 6 मामलों का मौके पर निस्तारण कराया गया, जबकि 4 मामलों में स्थलीय जांच के लिए टीम भेजी गई और शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को कार्रवाई हेतु हस्तांतरित किया गया।
जनपद की तीनों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 224 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 34 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। प्रशासन ने शेष शिकायतों का भी निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



More Stories
खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कुट्टू आटा, पनीर और तिल के तेल के नमूने लिए
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या की गणना) हेतु दो चरणों में फील्ड ट्रेनर्स का 06 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ संपन्न।
डीएम व एसपी द्वारा समाधान दिवस पर थाना कोतवाली खलीलाबाद पर पहुंचकर सुनी गयी जनता की समस्याएं, सम्बन्धित को दिये गये आवश्यक दिशा निर्देश