Saaf Sandesh News

Hindi News, हिन्दी न्यूज़, Latest News In Hindi, Breaking News,Saaf Sandesh,Saaf Sanesh News, Headlines Today (हिंदी समाचार)

दिशा की बैठक में योजनाओं की समीक्षा, पात्रों तक लाभ पहुंचाने के निर्देश

Spread the love

 

संत कबीर नगर। जनपद के विकास कार्यों, निर्माण परियोजनाओं एवं केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता सांसद श्री लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद ने की।

बैठक में सांसद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं की जमीनी हकीकत की नियमित समीक्षा की जाए और लाभार्थियों से फीडबैक लेकर कमियों को दूर किया जाए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, विधायक खलीलाबाद अंकुरराज तिवारी, विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

विधायक अंकुरराज तिवारी ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने नगरीय आवास योजना में पात्र लाभार्थियों को लाभ दिलाने, जर्जर विद्युत तारों को बदलने एवं विद्युत व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

विधायक गणेश चंद्र चौहान ने कहा कि जनपद की दिशा और दशा तय करने में दिशा समिति की बैठक महत्वपूर्ण है। उन्होंने रामजानकी मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, गो आश्रय स्थलों के बेहतर संचालन, अभ्युदय योजना के तहत कोचिंग व्यवस्था मजबूत करने एवं सड़कों को गड्ढामुक्त कराने के निर्देश दिए।

बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, सड़क, पेयजल, कृषि, रोजगार, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई।

सांसद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्तर पर पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि बैठक में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा। बैठक का संचालन मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने किया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कन्नौजिया, विभागीय अधिकारी एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

[horizontal_news]
Right Menu Icon