
डीएम-एसपी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज 25 जून को संतकबीरनगर जनपद के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री का आगमन धनघटा थाना क्षेत्र के बड़गो बसवारी गांव स्थित बाबा बैजू नाथ मंदिर प्रांगण में प्रस्तावित है, जहां वे जनसभा को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सोमवार को स्थानीय विधायक गणेश चंद्र चौहान के नेतृत्व में जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने कार्यक्रम स्थल का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हेलीपैड निर्माण, मंच व्यवस्था, जनसभा स्थल की बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल की तैनाती और अन्य आवश्यक इंतजामों के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।
वहीं जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
विधायक गणेश चंद्र चौहान ने मुख्यमंत्री के आगमन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बड़गो बसवारी की पावन धरती पर मुख्यमंत्री जी के स्वागत को लेकर क्षेत्र की जनता उत्साहित है। यह दौरा क्षेत्र के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होगा।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



More Stories
खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कुट्टू आटा, पनीर और तिल के तेल के नमूने लिए
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या की गणना) हेतु दो चरणों में फील्ड ट्रेनर्स का 06 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ संपन्न।
डीएम व एसपी द्वारा समाधान दिवस पर थाना कोतवाली खलीलाबाद पर पहुंचकर सुनी गयी जनता की समस्याएं, सम्बन्धित को दिये गये आवश्यक दिशा निर्देश