डीसीएम-कार की भिड़ंत में कुशीनगर के दो पत्रकारों की मौत, दो गंभीर
संतकबीरनगर में रसूलाबाद के पास भोर में हुआ हादसा, कार का दरवाजा तोड़कर निकाला गया चालक

खलीलाबाद (संतकबीरनगर)। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के रसूलाबाद के पास हाईवे पर सोमवार भोर में डीसीएम और वैगनआर कार की आमने-सामने टक्कर में कुशीनगर के दो पत्रकारों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार गोरखपुर से लखनऊ की ओर जा रही डीसीएम अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई और सामने से आ रही वैगनआर कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक सीट पर ही फंस गया।
मौके पर मौजूद पेट्रोल पंप कर्मियों की मदद से कार का दरवाजा तोड़कर चालक को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल संतकबीरनगर भेजा गया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने धनंजय पांडेय (35) पुत्र उमाकांत पांडेय निवासी सरगरिया उर्फ रामनगर, कुशीनगर और शंभू मिश्रा (45) पुत्र रमाकांत मिश्रा निवासी लखुआ खुर्द, कुशीनगर को मृत घोषित कर दिया।
वहीं रमन कुमार (42) पुत्र मुन्नीलाल निवासी इंदिरा नगर पडरौना और सुदेश मिश्रा (42) पुत्र हंसराज मिश्रा निवासी चिलोना, कुशीनगर की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि कार में सवार चारों लोग हिंदी पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश स्तरीय होली मिलन एवं पत्रकार सम्मान समारोह में शामिल होकर कुशीनगर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



More Stories
ईद के पावन अवसर पर सभी को दिली मुबारकबाद
झोपड़ी में लगी भीषण आग, चार बकरियां जलीं; बचाने में मां-बेटी झुलसी
मानदेय बढ़ाने व एचआर पॉलिसी लागू करने की मांग को लेकर रोजगार सेवकों का धरना