Saaf Sandesh News

Hindi News, हिन्दी न्यूज़, Latest News In Hindi, Breaking News,Saaf Sandesh,Saaf Sanesh News, Headlines Today (हिंदी समाचार)

एसआर इंटरनेशनल एकेडमी का वार्षिकोत्सव बना यादगार, नौनिहालों की प्रस्तुतियों से गूंज उठा पंडाल

Spread the love

बोर्ड परीक्षार्थियों को दी गई विदाई, गुलाब व पेन देकर अतिथियों ने बढ़ाया हौसला

 

रिपोर्ट -दुर्गेश मिश्र 

 

संतकबीरनगर। जिले के दक्षिणांचल स्थित प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान एसआर इंटरनेशनल एकेडमी नाथनगर में शुक्रवार को वार्षिकोत्सव, फेयरवेल एवं गुड लक पार्टी का भव्य आयोजन किया गया। राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक रंगत से सराबोर इस समारोह में विद्यालय के नौनिहालों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से भारतीय सभ्यता और संस्कारों की अनूठी झलक पेश की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे, विशिष्ट अतिथि प्रो. ओपी पांडेय, सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी, एमडी राकेश चतुर्वेदी एवं शिखा चतुर्वेदी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

मुख्य अतिथि जय चौबे ने कहा कि नौनिहालों की शानदार प्रस्तुतियां संस्थान की बेहतर गुणवत्ता का जीवंत प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि संस्कारयुक्त शिक्षा के बिना समाज और देश का समुचित विकास संभव नहीं है।

विशिष्ट अतिथि प्रो. ओपी पांडेय ने ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को देखकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को अनुशासित और ऊर्जावान बताते हुए कहा कि वे अपनी आंतरिक क्षमता को पहचानें और कठिन परिश्रम व दृढ़ इच्छाशक्ति से लक्ष्य हासिल करें।

एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी ने बेटियों को शिक्षा के अधिकार से सशक्त होने की सलाह देते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि स्मार्ट तरीके से किया गया कठिन परिश्रम ही बच्चों को चैंपियन बनाता है।

कार्यक्रम के दौरान 10वीं के छात्र-छात्राओं को बोर्ड परीक्षा हेतु गुड लक तथा 12वीं के विद्यार्थियों को फेयरवेल देते हुए अतिथियों ने गुलाब व पेन भेंट कर मुंह मीठा कराया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में बच्चों ने देशप्रेम, बालिका शिक्षा, देवी महत्ता एवं मनोरंजन से जुड़े विषयों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

इस मौके पर एमडी राकेश चतुर्वेदी व शिखा चतुर्वेदी ने अतिथियों का माल्यार्पण व बुके भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक हरिश्चंद्र यादव ने किया।

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, डिप्टी डायरेक्टर मनोज कुमार पांडेय, प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय, प्रधानाचार्य दुर्गेश गोस्वामी, रविनेश श्रीवास्तव, रत्नेश चतुर्वेदी, निहालचंद पाण्डेय, डॉ. सत्यम चतुर्वेदी, अमरेंद्र चतुर्वेदी, अंकित पाल सहित बड़ी संख्या में अभिभावक व क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

[horizontal_news]
Right Menu Icon