
संतकबीरनगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव/न्यायिक अधिकारी सुश्री अनन्या साह ने सियरासांथा गांव स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। वृद्धाश्रम का संचालन जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा किया जाता है।
निरीक्षण के दौरान न्यायिक अधिकारी ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से एक-एक कर बातचीत की और उनके रहने, खाने-पीने, चिकित्सा सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बुजुर्गों को उपलब्ध कराए जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
सुश्री अनन्या साह ने बताया कि माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम-2007 के तहत ऐसे माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक, जो अपनी आय अथवा संपत्ति से अपना भरण-पोषण करने में असमर्थ हैं, अपने व्यस्क बच्चों अथवा संबंधित व्यक्ति से भरण-पोषण के लिए आवेदन कर सकते हैं।
वृद्धाश्रम में पुरुष एवं महिला दोनों वरिष्ठ नागरिक निवास करते हैं। यहां उनके रहने, भोजन और चिकित्सा की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आश्रम के मैनेजर को निर्देश दिया कि मौसम को देखते हुए बुजुर्गों के लिए हवादार कमरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही शुद्ध एवं स्वच्छ नाश्ता, भोजन और कपड़ों की व्यवस्था हर हाल में बेहतर रखी जाए।
उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम में रहने वाला कोई भी बुजुर्ग अपने अधिकारों एवं उपलब्ध सुविधाओं से वंचित न रहे। व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधार सुनिश्चित किया जाए।



More Stories
आईजीआरएस के असंतुष्ट फीडबैक पर डीएम सख्त, अधिकारियों को गुणवत्ता सुधारने के निर्देश
‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
सम्पूर्ण समाधान दिवस में 175 फरियादियों की सुनी गई शिकायतें, 24 का मौके पर निस्तारण