Saaf Sandesh News

Hindi News, हिन्दी न्यूज़, Latest News In Hindi, Breaking News,Saaf Sandesh,Saaf Sanesh News, Headlines Today (हिंदी समाचार)

सम्पूर्ण समाधान दिवस में 175 फरियादियों की सुनी गई शिकायतें, 24 का मौके पर निस्तारण

Spread the love

खलीलाबाद में डीएम, धनघटा में एडीएम और मेंहदावल में सीडीओ ने की जनसुनवाई

संतकबीरनगर। शनिवार को जिले की तीनों तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। कुल 175 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 24 मामलों का मौके पर निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।

खलीलाबाद तहसील में डीएम आलोक कुमार की अध्यक्षता में जनसुनवाई हुई। यहां कुल 92 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 10 मामलों का मौके पर निस्तारण कराया गया। आठ मामलों में स्थलीय निरीक्षण के लिए संबंधित अधिकारियों की टीमें भेजी गईं। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता के साथ शिकायतकर्ता की संतुष्टि का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

पुलिस संबंधी शिकायतों की सुनवाई एसपी संदीप कुमार मीना ने की। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि शिकायतों पर मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करें और पीड़ित पक्ष को त्वरित न्याय दिलाना सुनिश्चित करें। राजस्व संबंधी मामलों में राजस्व अधिकारियों व पुलिस की संयुक्त टीम से मौके की जांच कराने के निर्देश दिए गए।

धनघटा तहसील में एडीएम (वित्त/राजस्व) सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां 34 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 10 का मौके पर निस्तारण कराया गया। एडीएम ने भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण, वरासत और खतौनी से जुड़ी शिकायतों में मौके पर जांच कर दोनों पक्षों को सुनते हुए नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

मेंहदावल तहसील में सीडीओ जयकेश त्रिपाठी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। यहां 49 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें चार मामलों का मौके पर निस्तारण कराया गया। तीन मामलों में स्थलीय निरीक्षण के लिए टीम भेजी गई। सीडीओ ने अधिकारियों को आवश्यकतानुसार मौके पर जांच कर दोनों पक्षों की बात सुनते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान संबंधित एसडीएम, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल, पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

[horizontal_news]
Right Menu Icon