Saaf Sandesh News

Hindi News, हिन्दी न्यूज़, Latest News In Hindi, Breaking News,Saaf Sandesh,Saaf Sanesh News, Headlines Today (हिंदी समाचार)

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी

Spread the love

 

चार बड़ी सौगातों की घोषणा, कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण

 

संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये तथा सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये प्रतिमाह करने की घोषणा की।

 

इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को साड़ी के लिए डीबीटी के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक आंगनबाड़ी कार्यकत्री को स्मार्टफोन देने की घोषणा की गई। कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को कैशलेस चिकित्सा योजना से भी आच्छादित किया जाएगा।

 

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण मंगलवार को संतकबीरनगर कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। इस दौरान प्रशासक जिला पंचायत बलिराम यादव, जिलाधिकारी आलोक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।

 

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान

 

कार्यक्रम के दौरान विभागीय योजनाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा सैम श्रेणी से निकलकर सामान्य श्रेणी में आए बच्चों के अभिभावकों को बच्चों की बेहतर देखभाल के लिए पुरस्कृत किया गया।

 

जिलाधिकारी आलोक कुमार ने सरकार की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि तथा कैशलेस चिकित्सा सुविधा समेत अन्य घोषणाओं पर खुशी जताते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने ग्रामीण स्तर पर पूरी लगन और निष्ठा से कार्य करने की अपेक्षा की।

 

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चन्द्र, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्री व सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

[horizontal_news]
Right Menu Icon