
संत कबीर नगर। रक्षाबंधन पर्व से ठीक पहले प्रदेश सरकार ने बेसिक शिक्षा परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत मिड-डे मील रसोइयों को चार बड़ी सौगातें दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में प्रदेश के 3.53 लाख से अधिक रसोइयों का मानदेय दो हजार रुपये से बढ़ाकर तीन हजार रुपये प्रतिमाह करने की घोषणा की। साथ ही मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा सुविधा का शुभारंभ, ड्रेस/साड़ी की वार्षिक धनराशि 500 से बढ़ाकर एक हजार रुपये करने तथा दो लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा की व्यवस्था का भी ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने रसोइयों को मानदेय वृद्धि एवं कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक चेक व चिकित्सा कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रसोइया बहनें प्रदेश के एक करोड़ 46 लाख से अधिक बच्चों के लिए निर्धारित मीनू के अनुसार पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन तैयार करती हैं। स्वस्थ भोजन से बच्चों के स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। मुख्यमंत्री ने कोरोना काल में रसोइयों के योगदान की भी सराहना की।
संतकबीरनगर में हुआ भव्य सम्मान समारोह
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, शिक्षण कार्मिकों और रसोइयों ने देखा एवं सुना। इसके बाद जिलाधिकारी आलोक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी और विधायक खलीलाबाद प्रतिनिधि मुरलीधर जायसवाल की मौजूदगी में रसोइयों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर रसोइयों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड तथा शॉल/अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सबसे बुजुर्ग और सबसे कम उम्र की रसोइया को स्मृति चिह्न देकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
जिले की 3189 रसोइयों को मिलेगा लाभ
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार की इन योजनाओं से जनपद की 3,189 रसोइयों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की जिम्मेदारी निभाने में रसोइयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने रसोइयों से निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन तैयार करने, किचन की साफ-सफाई रखने और बच्चों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने रसोइयों के बैंक खाते भारतीय स्टेट बैंक में होने पर दुर्घटना की स्थिति में दो लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा की गारंटी की बात भी कही। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र प्रसाद, खंड शिक्षा अधिकारी आशीष सिंह, डीसी एमआईएस बजरंगी लाल, जिला समन्वयक रजनीश वैद्य सहित बड़ी संख्या में रसोइया बहनें एवं शिक्षण कार्मिक मौजूद रहे।



More Stories
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नीलमणि की मौजूदगी में होगा तहसील परिसर के विकास कार्यों का उद्घाटन
विधायक गणेश चौहान ने रसोइयों को किया सम्मानित, बांटे कैशलेस चिकित्सा कार्ड
गाजर घास मानव स्वास्थ्य, फसलों व पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा