
पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा, सभी शिक्षण संस्थानों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
संत कबीर नगर। वित्तीय वर्ष 2026-27 की पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपदीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों, प्रबंधकों एवं छात्रवृत्ति नोडल अधिकारियों को छात्रवृत्ति प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर आयोजित बैठक में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवीश चंद्र ने छात्रवृत्ति योजनाओं की समय-सारिणी, ऑनलाइन आवेदन, सत्यापन एवं अग्रसारण की प्रक्रिया की जानकारी दी। वहीं जिला समाज कल्याण अधिकारी बृजेश कुमार ने मास्टर डाटा, प्रोफाइल लॉक तथा पोर्टल पर आने वाली तकनीकी समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके अलावा जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से एनएसपी पोर्टल, पात्रता एवं आयु संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने कहा कि छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजने के लिए आधार सीडिंग एवं एनपीसीआई (NPCI) मैपिंग सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों एवं नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र छात्र-छात्रा को अपने बैंक खाते की एनपीसीआई मैपिंग एवं आधार सीडिंग समय से पूर्ण कराने के लिए जागरूक करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल बैंक खाते में आधार लिंक होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि एनपीसीआई मैपर पर सक्रिय सीडिंग अनिवार्य है। इसके अभाव में छात्रवृत्ति की धनराशि डीबीटी (DBT) के माध्यम से लाभार्थी के खाते में हस्तांतरित नहीं हो सकेगी।
सीडीओ ने ओटीआर, मास्टर डाटा, प्रोफाइल लॉक, आवेदन सत्यापन एवं एनपीसीआई मैपिंग सहित सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि जनपद का कोई भी पात्र छात्र-छात्रा छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहे।
बैठक में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवीश चंद्र, जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी बृजेश कुमार सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य, प्रबंधक एवं छात्रवृत्ति नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।



More Stories
60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की तैयारी, अनुपूरक बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान !
बगही की हाईटेक नर्सरी का डीएम ने किया निरीक्षण, किसानों तक अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश
सीएचसी नाथनगर का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, ऑपरेशन थिएटर में गंदगी पर जताई नाराजगी