
प्रति घंटे 2000 लीटर शुद्ध पेयजल उपलब्ध, नक्षत्रशाला व आकर्षक लाइटिंग से गांव बना विकास का मॉडल

संत कबीर नगर।
नाथनगर विकास खंड की ग्राम पंचायत सुबखरी ग्रामीण विकास की नई मिसाल बनकर उभरी है। मुख्यमंत्री पुरस्कार से दो बार सम्मानित इस ग्राम पंचायत ने पुरस्कार राशि का सदुपयोग करते हुए पंचायत भवन परिसर में 7.80 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक स्टील सिस्टम एसएस आरओ वाटर प्लांट स्थापित कराया है। यह प्लांट प्रति घंटे 2000 लीटर शुद्ध पेयजल उपलब्ध करा रहा है, जिससे सुबखरी के साथ-साथ आसपास के गांवों के ग्रामीण भी लाभान्वित हो रहे हैं।
ग्राम पंचायत में स्थापित आरओ प्लांट 650 फीट गहरी बोरिंग, तीन स्टील टंकियों तथा हैवी फिल्टर सिस्टम से लैस है। इससे ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो रहा है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जितेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुरस्कार की पहली राशि से आरओ प्लांट एवं नक्षत्रशाला का निर्माण कराया गया, जबकि दूसरी बार मिली पुरस्कार राशि से गांव में आकर्षक लाइटिंग एवं ओपन जिम की स्थापना की कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है।
हरिहरपुर-महुली मार्ग से गांव तक की मुख्य सड़क पर लगाई गई रंगीन एलईडी लाइटें रात के समय गांव को अलग पहचान देती हैं। वहीं लगभग नौ लाख रुपये की लागत से तैयार की जा रही नक्षत्रशाला अंतिम चरण में है, जिसके पूर्ण होने पर यह पूरे नाथनगर ब्लॉक के लिए प्रेरणादायी परियोजना साबित होगी।
उल्लेखनीय है कि सुबखरी ग्राम पंचायत को वित्तीय वर्ष 2023-24 में पहली बार तथा वर्ष 2025-26 में दूसरी बार मुख्यमंत्री पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जितेंद्र विश्वकर्मा ने कहा कि ग्रामीणों को बेहतर पेयजल, आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गांव के समग्र विकास के लिए आगे भी जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जाएगा।



More Stories
डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने तामेश्वरनाथ धाम के श्रावण कांवड़िया मेले का किया शुभारंभ
राजकीय महिला महाविद्यालय में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
प्रथम सोमवार से पहले तामेश्वरनाथ धाम व बिड़हर घाट का एडीएम-एएसपी ने किया निरीक्षण