
ब्लॉक कार्यालय में हंगामा, जातिसूचक शब्द कहने और जान से मारने की धमकी का आरोप

संतकबीरनगर। मंगलवार को विकास खंड बघौली कार्यालय में फर्जी दस्तावेज के सहारे सरकारी कार्य प्रभावित करने का गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। फर्जी परिवार रजिस्टर की नकल पर हस्ताक्षर कराने में असफल होने पर एक युवक ने ग्राम पंचायत अधिकारी के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के काटगंगा निवासी चंद्रप्रकाश, जो बघौली विकास खंड में ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर तैनात हैं, मंगलवार को अपने कार्यालय में नियमित सरकारी कार्य निपटा रहे थे। इसी दौरान भवानीगाड़ा निवासी नरेंद्र पुत्र राजकुमार कार्यालय पहुंचा और अपने साथ लाई गई परिवार रजिस्टर की नकल पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाने लगा।
दस्तावेज की जांच करने पर ग्राम पंचायत अधिकारी को पता चला कि प्रस्तुत नकल किसी अन्य परिवार से संबंधित है। इस पर उन्होंने हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया। इससे नाराज आरोपी ने कार्यालय में हंगामा शुरू कर दिया और कागजात फाड़ते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। आरोप है कि युवक ने ग्राम पंचायत अधिकारी पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं। अचानक हुई इस घटना से कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के समय मौजूद कर्मचारियों और लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसी बीच आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ बाइक से फरार हो गया।
इस संबंध में बखिरा थाना अध्यक्ष सतीश सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले में आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।



More Stories
श्रीशंकर फिलिंग स्टेशन नोक्ता का भव्य शुभारंभ, सुबोध यादव ने फीता काटकर किया उद्घाटन
उप जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष पुनरीक्षण पूर्व की जाने वाली मतदेय स्थलों के गतिविधियों की तैयारी/संभाजन के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ बैठक हुई आयोजित।
डीएम की अध्यक्षता में जनपद में संचालित पेयजल योजनाओं के प्रगति की समीक्षा बैठक हुई आयोजित।