
साफ संदेश , संतकबीरनगर। शीतकाल के मद्देनजर जनपद के सभी थानों द्वारा ग्राम सुरक्षा समिति की बैठकें आयोजित कर सुरक्षा और जागरूकता का संदेश दिया गया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में हुई इन बैठकों में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर चोरी की घटनाओं की रोकथाम, साइबर अपराधों से बचाव और यातायात सुरक्षा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठकों में समिति सदस्यों से अपील की गई कि गांव या मोहल्ले में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। रात्रि के समय गश्त बढ़ाने और बाहरी व्यक्तियों पर नजर रखने की बात कही गई। साथ ही दिन में फेरी लगाने वाले अथवा संदिग्ध रूप से घूमने वाले लोगों के बारे में भी सतर्क रहने को कहा गया।
साइबर जागरूकता अभियान के तहत लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग और संदिग्ध लिंक से बचने की सलाह दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति अपना ओटीपी, एटीएम पिन या बैंक संबंधी जानकारी अज्ञात व्यक्तियों से साझा न करे।
‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत ग्रामीणों को घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि अपराधियों पर निगरानी रखी जा सके। कैमरों को लगातार चालू रखने और सड़क की ओर भी कवरेज देने की बात कही गई।
इसके अलावा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत यातायात नियमों के पालन, हेलमेट व सीट बेल्ट के प्रयोग और सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाने का संदेश भी दिया गया।
पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।



More Stories
फर्जी परिवार रजिस्टर पर साइन से इनकार, ग्राम पंचायत अधिकारी से मारपीट!
कबीर–मगहर महोत्सव में गूंजा भोजपुरी लोकसंगीत, कल्पना पटवारी की प्रस्तुति पर झूम उठा पंडाल
सरलता और कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक अजय श्रीवास्तव को नाथनगर ब्लॉक परिवार ने सम्मान के साथ किया विदा