जनपद के तीनों तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का हुआ आयोजन।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जनपद के तीनों तहसीलों में कुल 122 फरियादियों के विभिन्न मामलों से संबंधित प्रार्थना पत्रों की हुई सुनवाई, 26 प्रकरणों का कराया गया तत्काल निस्तारण, 16 मामलों में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण हेतु भेजी गई टीम।
तहसील खलीलाबाद में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों के प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु राजस्व विभाग सहित अन्य सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसामान्य की शिकायतों को एक-एक कर सुनते हुए अपर जिलाधिकारी ने शिकायत से सम्बंधित विभागीय अधिकारी को मौके पर बुलाकर तत्काल निस्तारित करने हेतु निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य लक्ष्य है, इसमें किसी भी प्रकार लापरवाही पाये जाने पर जिम्मेदार अधिकारी के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी।
खलीलाबाद तहसील में विभिन्न संदर्भों से संबंधित कुल 42 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये, जिसमें से अपर जिलाधिकारी द्वारा 13 प्रार्थना पत्रों का संबंधित राजस्व अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभागीय अधिकारियों से प्रकरण की विस्तृत जानकारी लेते हुए तत्काल निस्तारित करवाया गया। 07 प्रकरणों में स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारी/कर्मचारी की टीम भेजी गई। शेष प्रकरणों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को हस्थांतरित करते हुए तत्काल कार्यवाही कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिये गए।
इस अवसर पर तहसीलदार आनन्द कुमार ओझा, राजस्व निरीक्षक सहित तहसील के राजस्व कर्मचारी, लेखपाल आदि उपस्थित रहे।
इसी क्रम में मेंहदावल तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की सुनवाई उप जिलाधिकारी संजीव राय द्वारा की गयी। उन्होंने राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों से सम्बंधित विभिन्न मामलों को सुनते हुए सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी को मामले के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मामलों के निस्तारण में आवश्यकतानुसार स्थलीय जांच की जाए तथा दोनों पक्षों की पूरी बात को गम्भीरता से सुनते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित की जाए।
तहसील मेंहदावल में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 42 प्रार्थना पत्र आये जिसमें मौके पर 08 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण करवाते हुए शेष प्रार्थना पत्रों को सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को हस्थातंरित करते हुए अबिलम्ब गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराये जाने का निर्देश दिया गया। 06 प्रार्थना पत्रों के सापेक्ष प्रकरणों में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण करने हेतु टीम भेजी गई।
इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकार मेहदावल सर्वदमन सिंह, तहसीलदार मेंहदावल अल्पिका वर्मा सहित तहसील से सम्बंधित अधिकारी, राजस्व कर्मचारी, लेखपाल आदि उपस्थित रहे।
इसी क्रम में धनघटा तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की सुनवाई उप जिला अधिकारी डॉ0 सुनील कुमार की उपस्थिति में संपन्न हुई। उन्होंने विभिन्न मामलों से सम्बंधित समस्याओं को सुनते हुए सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी को मामले के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, जमीन की पैमाईश, अतिक्रमण, वरासत एवं खतौनी में किसी भी प्रकार के त्रृटियों से सम्बंधित शिकायतों को गम्भीरतापूर्वक सम्बंधित कर्मचारी के साथ मौके की जांच कर एवं उभय पक्षों की बात को सुनते हुए नियमानुसार निस्तारित कराया जाए।
तहसील धनघटा में कुल 38 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें से मौके पर 05 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण कराते हुए उप जिलाधिकारी द्वारा शेष प्रार्थना पत्रों को सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को हस्थातंरित करते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराये जाने का निर्देश दिया गया तथा 03 प्रकरणों में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण करने हेतु टीम भेजने हेतु निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर तहसीलदार धनघटा राम जी, नायब तहसीलदार धनघटा हरेराम यादव सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग से सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारीगण आदि उपस्थित रहे।
More Stories
ग्राम पंचायत कडसर में स्थगित सोशल ऑडिट बैठक आज हुआ सम्पन्न
डीएम की अध्यक्षता में जिला उद्योग बन्धु समिति/जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति एवं पी0एम0 विश्वकर्मा जिला क्रियान्वयन समिति की बैठक हुई आयोजित।
डीएम की अध्यक्षता में संचारी रोग नियंत्रण/दस्तक अभियान के तैयारियों की हुई समीक्षा।