Saaf Sandesh News

Hindi News, हिन्दी न्यूज़, Latest News In Hindi, Breaking News,Saaf Sandesh,Saaf Sanesh News, Headlines Today (हिंदी समाचार)

आईजीआरएस के असंतुष्ट फीडबैक पर डीएम सख्त, अधिकारियों को गुणवत्ता सुधारने के निर्देश

Spread the love

सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग और विकास योजनाओं की डीएम ने की समीक्षा

संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस तथा सीएम डैशबोर्ड पर रैंकिंग एवं प्रगति के आधार पर विकास कार्यों और विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीएम ने लंबित शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के साथ विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री संदर्भ, आयुक्त संदर्भ, जिलाधिकारी संदर्भ, तहसील दिवस सहित आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त विभिन्न शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि गुणवत्ता के साथ किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर अधिकारी अथवा कर्मचारी मौके पर जाकर जांच करने के बाद नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।

डीएम ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के बाद आवेदक द्वारा दिए जाने वाले फीडबैक की विभागवार समीक्षा भी की जाए। जिन मामलों में शिकायतकर्ता असंतुष्ट है, वहां असंतुष्टि के कारणों की जांच कर कमियों को दूर किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से उन विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए, जहां असंतुष्ट फीडबैक 50 प्रतिशत से अधिक है। ऐसे प्रकरणों की पूरी रिपोर्ट के साथ अधिकारियों को अगली बैठक में उपस्थित होने को कहा गया।

सीएम डैशबोर्ड पर बेहतर रैंकिंग के लिए तेजी लाने के निर्देश

बैठक में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित फ्लैगशिप प्रोजेक्ट्स सहित विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों की आंकड़ेवार समीक्षा की गई। अपेक्षाकृत धीमी प्रगति वाले विभागों के अधिकारियों को कार्यों में गुणात्मक प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी अपने-अपने विभाग में संचालित विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा करें। योजनाओं में यदि कोई कमी सामने आती है या कोई पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित रह जाता है तो उसका समय से समाधान कराया जाए। उन्होंने लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित करते हुए सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की बेहतर रैंकिंग बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक चंद्रेश कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित सीएमओ डॉ. रामानुज कनौजिया, डीएफओ हरिकेश यादव, डीडीओ रुक्मणी वर्मा, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रभात द्विवेदी, परियोजना निदेशक विजयंत सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

[horizontal_news]
Right Menu Icon