
पुस्तकों व उपकरणों का स्टॉक रजिस्टर बनाने के निर्देश, युवाओं की मौजूदगी पर जताई खुशी
नाथनगर/संतकबीरनगर। जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) अरुण कुमार ने शनिवार को नाथनगर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत इटौवा में नवसृजित एवं संचालित डिजिटल लाइब्रेरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लाइब्रेरी में बड़ी संख्या में युवाओं को अध्ययन करते देख डीपीआरओ ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बेहतर संचालन के लिए ग्राम पंचायत की सराहना की।
डीपीआरओ ने प्रधान प्रतिनिधि सर्वेश सिंह एवं पंचायत सचिव धर्मेंद्र कुमार को लाइब्रेरी के बेहतर संचालन के लिए बधाई दी। उन्होंने शासन की ओर से उपलब्ध कराई गई पुस्तकों एवं अन्य सामग्रियों के साथ ग्राम पंचायत द्वारा उपलब्ध कराए गए उपकरणों का विधिवत स्टॉक रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान लाइब्रेरी का कमरा छोटा होने के कारण पर्याप्त स्थान की समस्या भी सामने आई। इस पर डीपीआरओ ने एडीओ पंचायत को ग्राम पंचायत में उपलब्ध धनराशि के अनुसार समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत भवन एवं गांव के कुछ स्थानों पर गंदगी मिलने पर नाराजगी जताते हुए सफाईकर्मियों को तत्काल साफ-सफाई कराने को कहा।
डीपीआरओ अरुण कुमार ने शासन की मंशा के अनुरूप इटौवा में व्यवस्थित ढंग से संचालित डिजिटल लाइब्रेरी पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने एडीओ पंचायत सतीश कुशवाहा को नाथनगर ब्लॉक क्षेत्र की सभी चयनित ग्राम पंचायतों में जल्द से जल्द लाइब्रेरी स्थापित कराने तथा उनका नियमित एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत में पहली बार डीपीआरओ के आगमन पर प्रधान प्रतिनिधि सर्वेश सिंह ने उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस दौरान एडीओ पंचायत सतीश कुशवाहा, पंचायत सचिव धर्मेंद्र कुमार, संदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में गांव के युवा मौजूद रहे।



More Stories
महुली पुलिस का अतिक्रमण के खिलाफ कड़ा प्रहार, दुकानदारों से संवाद कर हटवाया कब्जा
गुरुजनों के सम्मान में छलका नौनिहालों का स्नेह
लोक अदालत की तैयारियाँ जोरो पर, नोडल ऑफिसर ने आहुत की बैठक।