
एसआर इंटरनेशनल एकेडमी में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस
केक काटकर शिक्षकों संग बांटी खुशियां, उपहार भेंट कर लिया आशीर्वाद; राकेश चतुर्वेदी बोले—गुरु का सम्मान किए बिना सफलता की बुलंदी तक नहीं पहुंच सकता शिष्य
संतकबीरनगर। गुरुजनों के सम्मान और नौनिहालों के स्नेह से शनिवार को एसआर इंटरनेशनल एकेडमी का परिसर सराबोर रहा। शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव प्रकट किया। बच्चों ने शिक्षकों के साथ केक काटकर खुशियां मनाईं और उन्हें उपहार भेंट कर आशीर्वाद लिया। बच्चों के इस स्नेह से शिक्षक भी अभिभूत नजर आए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की आराधना से हुआ। इसके बाद संस्थान के संस्थापक स्व. पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। मैनेजिंग डायरेक्टर राकेश चतुर्वेदी ने सहायक प्रबंधक मनोज पांडेय और अन्य शिक्षकों के साथ डॉ. राधाकृष्णन के जन्मदिन का केक काटा।
मैनेजिंग डायरेक्टर राकेश चतुर्वेदी ने कहा कि समाज में गुरु-शिष्य का रिश्ता सबसे बड़ा और सम्मानित रिश्ता होता है। बिना गुरु का सम्मान किए कोई भी शिष्य सफलता की बुलंदी तक नहीं पहुंच सकता। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देने के साथ उनके भविष्य की नींव मजबूत करते हैं। विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी निष्ठा और लगन से मेहनत करने का आह्वान करते हुए उन्होंने उन्हें संकल्प दिलाया। शिक्षकों से भी छात्र-छात्राओं के प्रति समर्पित भाव से कार्य कर उनके कैरियर को शिखर तक पहुंचाने की अपील की।
डिप्टी डायरेक्टर मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि शिक्षक दिवस गुरु और शिष्य दोनों के लिए महत्वपूर्ण दिन है। दोनों को एक-दूसरे के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। तभी गुरु-शिष्य के इस पवित्र रिश्ते की गरिमा कायम रह सकती है।
पीजी कॉलेज के प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय ने कहा कि नौनिहालों में अपने शिक्षकों के प्रति दिखाई दे रही सम्मान की भावना समाज के लिए बेहतर संकेत है। बच्चों में संस्कार और गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना उनके उज्ज्वल भविष्य का आधार बनेगी।
इसके बाद विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए केक शिक्षकों के साथ काटे गए। एमडी राकेश चतुर्वेदी ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों को उपहार भेंट किए और उनका आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और अपनत्व का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर एसएन शुक्ला, हरिश्चंद्र यादव, कृष्णा मिश्रा, प्रेम प्रकाश पांडेय, धर्मेंद्र कुमार चौरसिया, महेंद्र चौधरी, अर्जुन प्रसाद सहित संस्थान के सभी शिक्षक मौजूद रहे।



More Stories
महुली पुलिस का अतिक्रमण के खिलाफ कड़ा प्रहार, दुकानदारों से संवाद कर हटवाया कब्जा
इटौवा की डिजिटल लाइब्रेरी का डीपीआरओ ने किया औचक निरीक्षण
लोक अदालत की तैयारियाँ जोरो पर, नोडल ऑफिसर ने आहुत की बैठक।