Saaf Sandesh News

Hindi News, हिन्दी न्यूज़, Latest News In Hindi, Breaking News,Saaf Sandesh,Saaf Sanesh News, Headlines Today (हिंदी समाचार)

सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग सुधारने में जुटें अधिकारी, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

Spread the love

 

संतकबीरनगर। सीएमआईएस पोर्टल की रैंकिंग और प्रगति के आधार पर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं में गुणात्मक एवं समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। धीमी प्रगति वाले विभागों को चेतावनी देते हुए उन्होंने बेहतर प्रदर्शन नहीं होने पर कार्रवाई की बात कही।

 

समीक्षा के दौरान डीएम ने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने लक्ष्यों को निर्धारित अवधि में पूरा करें। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। कार्यदायी संस्थाएं और संबंधित विभाग विकास कार्यों की प्रगति सीएमआईएस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें, जिससे जिले की रैंकिंग बेहतर बनी रहे।

 

फैमिली आईडी बनाने में तेजी के निर्देश

 

जिलाधिकारी ने विकासखंडवार फैमिली आईडी की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने क्षेत्रों और न्याय पंचायतों में राशन कार्ड से वंचित परिवारों की शत-प्रतिशत फैमिली आईडी बनवाई जाए। शहरी क्षेत्रों में नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को भी फैमिली आईडी बनाने की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।

 

पात्र लोगों के बनें आयुष्मान कार्ड

 

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में जननी सुरक्षा योजना और आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड बनाए जाने की स्थिति पर चर्चा हुई। डीएम ने अंत्योदय कार्ड, श्रम कार्ड और पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों के साथ 70 वर्ष से अधिक आयु के पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान ऐप के माध्यम से पात्रता की जांच कर कार्ड बनवाने की सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।

 

बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, सड़क निर्माण, वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, श्रम विभाग, पर्यटन विकास, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समेत विभिन्न जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा स्वयं करें और प्रगति रिपोर्ट समय से पोर्टल पर अपलोड करें।

 

उन्होंने सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित फ्लैगशिप परियोजनाओं की आंकड़ेवार जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कहा कि विभागीय योजनाओं की नियमित निगरानी की जाए, ताकि कोई पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे और कमियां मिलने पर समय से उनका निराकरण कराया जा सके।

 

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया, जिला विकास अधिकारी रुक्मणी वर्मा, उपायुक्त एनआरएलएम प्रवीण कुमार शुक्ला, परियोजना निदेशक विजयंत सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अजय श्रीवास्तव, जिला उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त मल्ल, पर्यटन अधिकारी विकास नारायण, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एसके तिवारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अवधेश भारती सहित खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

[horizontal_news]
Right Menu Icon