Saaf Sandesh News

Hindi News, हिन्दी न्यूज़, Latest News In Hindi, Breaking News,Saaf Sandesh,Saaf Sanesh News, Headlines Today (हिंदी समाचार)

संपूर्ण समाधान दिवस में 102 फरियादियों की सुनी गई शिकायतें, 17 मामलों का मौके पर निस्तारण

Spread the love

 

संतकबीरनगर। जिले की तीनों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को कुल 102 फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं। इनमें 17 मामलों का मौके पर निस्तारण कराया गया। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने खलीलाबाद तहसील में फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

खलीलाबाद तहसील में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 45 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। डीएम ने 10 मामलों का मौके पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जानकारी लेकर निस्तारण कराया। पांच मामलों में स्थलीय निरीक्षण के लिए टीम भेजी गई। शेष प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।

 

डीएम ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि का विशेष ध्यान रखा जाए। निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता को भी कार्रवाई के परिणाम से अवगत कराया जाए। राजस्व संबंधी मामलों में दोनों पक्षों की बात सुनने के साथ ही आवश्यकतानुसार मौके पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

 

कानून एवं व्यवस्था से संबंधित शिकायतों की सुनवाई अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने की। उन्होंने थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर कार्रवाई सुनिश्चित करें। पीड़ित पक्ष को शासन की मंशा के अनुरूप त्वरित न्याय दिलाने के साथ राजस्व संबंधी मामलों में राजस्व अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

 

इसी क्रम में मेंहदावल तहसील में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चन्द्रेश कुमार सिंह ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। यहां कुल 32 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें तीन मामलों का मौके पर निस्तारण कराया गया। दो मामलों में स्थलीय निरीक्षण के लिए टीम भेजी गई। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनते हुए आवश्यकतानुसार स्थलीय जांच कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

 

पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने तथा निस्तारण में गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने को कहा।

 

धनघटा तहसील में उप जिलाधिकारी वीरेन्द्र प्रसाद गुप्ता ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। यहां कुल 25 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 10 मामलों का मौके पर निस्तारण कराया गया। शेष प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा में निस्तारण के निर्देश दिए गए।

 

एसडीएम ने भूमि विवाद, जमीन की पैमाइश, अतिक्रमण, वरासत और खतौनी में त्रुटियों से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जांच और दोनों पक्षों की बात सुनकर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।

 

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) सत्य प्रकाश, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामानुज कन्नौजिया, उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, तहसीलदार खलीलाबाद आनंद ओझा, उप जिलाधिकारी मेंहदावल राजकुमार सहित राजस्व, पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

[horizontal_news]
Right Menu Icon