Saaf Sandesh News

Hindi News, हिन्दी न्यूज़, Latest News In Hindi, Breaking News,Saaf Sandesh,Saaf Sanesh News, Headlines Today (हिंदी समाचार)

गरीबों के इलाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने अस्पताल में परखी स्वास्थ्य सेवाएं !

Spread the love

मरीजों से जाना इलाज और दवाओं का हाल, खराब एंबुलेंस बदलने के लिए डीजी हेल्थ से की बात; बोले- मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण उपचार सरकार की प्राथमिकता!

संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने बुधवार को संतकबीरनगर दौरे के दौरान संयुक्त जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, इमरजेंसी कक्ष, दवा वितरण केंद्र, ऑक्सीजन सप्लाई और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। वार्डों में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उपचार, निःशुल्क दवाओं और भोजन की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली।

समीक्षा बैठक करते डिप्टी सीएम

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने मुख्य चिकित्साधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से अस्पताल में चिकित्सकों की तैनाती, मेडिकल उपकरणों, दवाओं और एंबुलेंस की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गरीबों और आमजन को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एंबुलेंस की खराब स्थिति पर जताई चिंता

अस्पताल निरीक्षण के बाद उप मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिला अस्पताल के साथ जिले की सभी सीएचसी और पीएचसी की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने एंटीवेनम सहित जरूरी दवाओं और वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में जनपद में एंबुलेंस की कमी और कुछ एंबुलेंस की खराब स्थिति का मामला सामने आया। इस पर उप मुख्यमंत्री ने सीएमओ को खराब एंबुलेंस को निष्प्रयोज्य घोषित कर नई एंबुलेंस की मांग भेजने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने तत्काल डीजी हेल्थ से फोन पर वार्ता कर जिले को आवश्यक एंबुलेंस उपलब्ध कराने को कहा।

पात्रों तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ

बृजेश पाठक ने आयुष्मान भारत और जननी सुरक्षा योजना सहित स्वास्थ्य विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी अस्पतालों में उपचार और स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता बेहतर बनाई जाए, जिससे आमजन को निजी अस्पतालों का रुख न करना पड़े और उन्हें सरकारी अस्पतालों में ही बेहतर इलाज मिल सके।

इस अवसर पर विधायक खलीलाबाद अंकुर राज तिवारी, विधायक मेंहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी, विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान, विधायक खजनी श्रीराम चौहान, एमएलसी संतोष सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह, जिलाधिकारी अनुज मलिक, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, सीडीओ जयकेश त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

होटल द बेलेंसिया का किया उद्घाटन

होटल का उद्घाटन

जनपद भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने होटल द बेलेंसिया का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता त्र्यम्बक नाथ त्रिपाठी, खलीलाबाद के पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे सहित पार्टी पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

[horizontal_news]
Right Menu Icon