Saaf Sandesh News

Hindi News, हिन्दी न्यूज़, Latest News In Hindi, Breaking News,Saaf Sandesh,Saaf Sanesh News, Headlines Today (हिंदी समाचार)

विकसित गांव अभियान: बीडीओ ने चौपालों का किया औचक निरीक्षण

Spread the love

 

देवकली खुर्द व लखनोहर में ग्रामीणों से संवाद कर विकास कार्यों के लिए मांगे सुझाव

संतकबीरनगर। गांधी जयंती के अवसर पर विकसित गांव की परिकल्पना को साकार करने के लिए नाथनगर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में आयोजित ग्राम चौपालों का खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कुलदीप कुमार ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। उन्होंने देवकली खुर्द, लखनोहर समेत मोलनापुर, जयरामपट्टी और गोंदौरा में आयोजित चौपालों का जायजा लेकर ग्रामीणों से संवाद किया।

 

देवकली खुर्द में प्रधान प्रतिनिधि दुर्गेश तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में बीडीओ ने कहा कि शासन का उद्देश्य गांवों को विकास योजनाओं से पूर्ण रूप से आच्छादित करना है। उन्होंने ग्रामीणों से गांव के विकास से जुड़े छोटे-बड़े कार्यों के संबंध में सुझाव मांगे और प्राप्त सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर शामिल करने के निर्देश दिए।

 

बीडीओ ने पंचायत सचिव और पंचायत सहायक को निर्देशित किया कि ग्रामीणों से प्राप्त सुझावों के आधार पर संबंधित टीए अथवा कंसल्टिंग इंजीनियर से आवश्यक कार्यों का प्राक्कलन तैयार कराया जाए, ताकि विकास कार्यों को नियमानुसार आगे बढ़ाया जा सके।

 

इस दौरान प्रधान प्रतिनिधि दुर्गेश तिवारी ने ग्राम पंचायत में स्वास्थ्य विभाग के जर्जर भवन के ध्वस्तीकरण तथा उसके स्थान पर नए पंचायत हॉल के निर्माण की मांग रखी। बीडीओ ने नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

 

लखनोहर में ग्राम प्रधान रमेश पासवान की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल का भी बीडीओ ने निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन और शासन के निर्देशों का अनुपालन सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही अक्षम्य होगी।

 

इस अवसर पर एडीओ आईएसबी अभय कुमार सिंह, पंचायत सचिव केशव दास, जितेंद्र कुमार समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

[horizontal_news]
Right Menu Icon