तीन जिलों की DM रहीं IAS दिव्या मित्तल ने 13 साल बाद दिया इस्तीफा, सोशल मीडिया पर लिखकर बताई दिल की बात!
IAS Divya Mittal Resign: चर्चित आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने करीब 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। 2013 बैच की आईएएस अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट लिखकर अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने अपने प्रशासनिक सेवा के सफर को अविस्मरणीय बताते हुए संघर्ष से लेकर देशसेवा तक के सफर को याद किया।
दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया पर लिखते हुए कहा कि वह एक साधारण परिवेश से आती हैं, लेकिन उन्होंने हमेशा एक सफल और बेहतर जीवन का सपना देखा। इस सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने दिन-रात मेहनत की और आईआईटी दिल्ली तथा आईआईएम बेंगलुरु से पढ़ाई की।
लंदन में मिली नौकरी, फिर देश लौट आईं
आईआईटी और आईआईएम से पढ़ाई पूरी करने के बाद दिव्या मित्तल को लंदन में नौकरी मिली। करियर के लिहाज से यह बड़ी उपलब्धि थी। विदेश में अच्छी नौकरी और तमाम सुविधाएं मिलने के बावजूद उन्हें भीतर से कुछ अधूरा महसूस होने लगा।
उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि विदेश में रहते हुए उन्हें यह बात परेशान करती थी कि वह अपने देश से दूर हैं। इसके बाद उन्होंने भारत लौटने का फैसला किया। उनका कहना था कि वह जिस भारत का सपना देखती थीं, उसके निर्माण में अपना योगदान देना चाहती थीं।
उन्होंने लिखा कि वह चाहती थीं कि उस भारत को बनाने वाली ईंटों पर उनके भी हाथों के निशान हों। इसी सोच के साथ वह भारत लौटीं और आगे चलकर भारतीय प्रशासनिक सेवा में शामिल होने का अवसर मिला।
संतकबीरनगर, मिर्जापुर और देवरिया की रह चुकीं DM
2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा के दौरान कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। वह संतकबीरनगर, मिर्जापुर और देवरिया की जिलाधिकारी रह चुकी हैं। तीनों जिलों में डीएम के रूप में उनकी तैनाती के दौरान उनके कामकाज की चर्चा होती रही।
देवरिया की जिलाधिकारी की जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्हें छह मई को इस पद से हटा दिया गया था। इसके बाद वह राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात थीं।
13 साल बाद प्रशासनिक सेवा को कहा अलविदा
करीब 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद दिव्या मित्तल का इस्तीफा सामने आने से प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर भी उनके फैसले को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
हालांकि, अपने पोस्ट में दिव्या मित्तल ने इस्तीफा देने की विस्तृत वजह स्पष्ट नहीं की है। उन्होंने अपने सफर को याद करते हुए यह जरूर लिखा कि तमाम उपलब्धियों के बावजूद कहीं न कहीं कुछ अधूरा महसूस हो रहा था। उनके इस फैसले के बाद अब चर्चा है कि प्रशासनिक सेवा छोड़ने के बाद वह आगे किस दिशा में कदम बढ़ाएंगी।



More Stories
गोरखपुर से विश्व साहित्य तक पहुंची संत सौरभ की सद्भाव यात्रा
बाबा बैजूधाम में डीएम-एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, विधि-विधान से किया पूजन
नीलमणि ने पेश की सेवा और समर्पण की एक और मिसाल, अधिवक्ता चैंबर का हुआ भव्य लोकार्पण