
धनघटा/संतकबीरनगर। श्रावण मास के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने धनघटा क्षेत्र स्थित बाबा बैजूधाम मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं दुग्धाभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने जनपदवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
पूजन-अर्चन के बाद डीएम एवं एसपी ने मंदिर परिसर में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने प्रवेश व निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, पुलिस ड्यूटी प्वाइंट तथा श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता और पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारीद्वय ने भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था के साथ महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, पेयजल, स्वच्छता और आपातकालीन सेवाओं की भी समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए।
डीएम-एसपी ने श्रद्धालुओं से प्रशासन एवं पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिसकर्मी अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की।
प्रशासन एवं पुलिस की ओर से सावन मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में बाबा बैजूधाम के दर्शन-पूजन कर सकें।



More Stories
खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कुट्टू आटा, पनीर और तिल के तेल के नमूने लिए
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या की गणना) हेतु दो चरणों में फील्ड ट्रेनर्स का 06 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ संपन्न।
डीएम व एसपी द्वारा समाधान दिवस पर थाना कोतवाली खलीलाबाद पर पहुंचकर सुनी गयी जनता की समस्याएं, सम्बन्धित को दिये गये आवश्यक दिशा निर्देश