
धनघटा/संतकबीरनगर। पीएम पोषण (मध्यान्ह भोजन) योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों में निष्ठापूर्वक सेवाएं दे रही रसोइया बहनों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धनघटा विधायक गणेश चौहान रहे। विधायक ने रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित करने के साथ ही अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक गणेश चौहान ने कहा कि रसोइया बहनें विद्यालयों में बच्चों को समय से पौष्टिक और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराकर उनके स्वस्थ भविष्य की नींव मजबूत कर रही हैं। राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है और उनकी सेवाओं का सम्मान करना समाज एवं सरकार का दायित्व है।
रसोइया परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने उपस्थित रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए। इस सुविधा के माध्यम से पात्र लाभार्थी परिवारों को पंजीकृत सरकारी एवं निजी अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा मिल सकेगी। चिकित्सा कार्ड के साथ रसोइयों को अंगवस्त्र देकर उनका सम्मान भी किया गया।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर अंतिम पायदान पर खड़े कर्मियों के कल्याण और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने से रसोइया परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज में होने वाले आर्थिक संकट से राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक संघ के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में रसोइया बहनें मौजूद रहीं।



More Stories
खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कुट्टू आटा, पनीर और तिल के तेल के नमूने लिए
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या की गणना) हेतु दो चरणों में फील्ड ट्रेनर्स का 06 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ संपन्न।
डीएम व एसपी द्वारा समाधान दिवस पर थाना कोतवाली खलीलाबाद पर पहुंचकर सुनी गयी जनता की समस्याएं, सम्बन्धित को दिये गये आवश्यक दिशा निर्देश