Saaf Sandesh News

Hindi News, हिन्दी न्यूज़, Latest News In Hindi, Breaking News,Saaf Sandesh,Saaf Sanesh News, Headlines Today (हिंदी समाचार)

बढ़ते जलस्तर के बीच डीएम ने परखी बाढ़ सुरक्षा की तैयारियां, तटबंधों की निगरानी के दिए निर्देश

Spread the love

 

धनघटा। घाघरा/सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी आलोक कुमार ने शनिवार को धनघटा विधायक गणेश चंद चौहान के साथ बाढ़ से सुरक्षा एवं बचाव की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने ड्रेनेज खंड-2 के नियंत्रणाधीन मदरहा-बेहराडाड़ी तटबंध तथा ढोलबजा तटबंध का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सतर्कता बरतने और तटबंधों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मदरहा-बेहराडाड़ी तटबंध के किमी 18.400 पर क्षतिग्रस्त लोक निर्माण विभाग की पुलिया तथा किमी 19.100 पर गायघाट, ढोलबजा, सीयर कला सहित बाढ़ संभावित क्षेत्रों का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता ड्रेनेज खंड-2 अजय कुमार, उप जिलाधिकारी धनघटा, तहसीलदार धनघटा, सहायक अभियंता अक्षय कुमार एवं संबंधित जूनियर इंजीनियरों को वर्षा के कारण हुए रेनकट्स को तत्काल भरने तथा तटबंधों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीयर कला में नदी के बहाव से सड़क किनारे विद्युत पोल के पास कटान पाए जाने पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को पोल को सुरक्षित कर विद्युत व्यवस्था बहाल कराने के निर्देश दिए। वहीं बाढ़ प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को चिकित्सा शिविर लगाकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने, संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक छिड़काव तथा पशुओं का टीकाकरण कराने को कहा।

ढोलबजा के पास आवागमन के लिए मौके पर दो नावें लगी मिलीं। जिलाधिकारी ने लोगों की सुविधा को देखते हुए चार नावें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि बाढ़ की स्थिति में आवागमन बाधित न हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि संभावित बाढ़ को देखते हुए सभी संबंधित विभाग पूरी तरह अलर्ट रहें। तटबंधों की नियमित निगरानी के साथ किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।

इस अवसर पर ओएसडी राकेश कुमार, कृष्ण गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

[horizontal_news]
Right Menu Icon