
संतकबीरनगर। जनपद में पत्रकारों के साथ कथित उत्पीड़न, अभद्र व्यवहार, धमकी एवं अनावश्यक दबाव बनाए जाने की शिकायत को लेकर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब संत कबीर नगर ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में जर्नलिस्ट प्रेस क्लब ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज की समस्याओं, भ्रष्टाचार एवं प्रशासनिक गतिविधियों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। ऐसे में पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार अथवा दबाव लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।
ज्ञापन के अनुसार 3 अगस्त 2026 को भारत लाइव टीवी न्यूज के संवाददाता अनिरुद्ध अग्रहरी द्वारा सेमरियावां विकासखंड के डारीडीहा गांव में मनरेगा कार्य से संबंधित खबर कवरेज किए जाने को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई। आरोप है कि खबर से नाराज कुछ लोगों ने पत्रकार के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा मोबाइल छीन लिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि मौके पर मौजूद लोगों के साथ भी मारपीट की गई और बाद में पुलिस चौकी पर भी विवाद की स्थिति बनी। मामले में घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।
वहीं, 14 अगस्त 2026 को हिंदी दैनिक खलीलाबाद टाइम्स के संवाददाता विवेकानंद पुत्र कौशल किशोर के साथ भी विवाद की घटना का उल्लेख ज्ञापन में किया गया है। शिकायत के मुताबिक पत्रकार समाचार संकलन के लिए खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र में गए थे। इसी दौरान दो पक्षों में मारपीट एवं विवाद हो रहा था। पत्रकार ने अपने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया, जिस पर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट कर दिया। पत्रकार संगठन ने मामले में कोतवाली में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
जर्नलिस्ट प्रेस क्लब ने दोनों घटनाओं पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या अभद्र व्यवहार की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। संगठन ने दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस दौरान कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अमित अग्रहरि, देवीलाल गुप्ता, महामंत्री मिथिलेश कुमार धुरिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जितेंद्र पाठक, सदरे आलम, उपाध्यक्ष हरिओम चौधरी, संगठन संयुक्त सचिव केदारनाथ दुबे, सचिव आशु सिंह, संजय श्रीवास्तव, नवनीत श्रीवास्तव, उप सचिव वीरेंद्र मणि त्रिपाठी, गंगेश्वर यादव, प्रवक्ता कल्याण भट्ट, लेखा परीक्षा उपेंद्र मणि त्रिपाठी, सतीश पांडे, कोषाध्यक्ष विपिन राय, मीडिया प्रभारी राजेश्वर कुमार, खलीलाबाद तहसील अध्यक्ष मोहन राजभर, हरीश सिंह, राज कपूर गौतम, विवेक कुमार, अनिरुद्ध अग्रहरि, विकास श्रीवास्तव समेत आदि पत्रकार उपस्थित रहे।



More Stories
उद्योगों और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर डीएम सख्त, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
गो-आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं पर डीएम सख्त, तीन दिन में सीसीटीवी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं, समय से पूरा होंगी परियोजनाएं