
संत कबीर नगर। पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद के प्रांगण से जिलाधिकारी आलोक कुमार ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग कर लोगों को पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक किया।
बैंड-बाजे के साथ निकली रैली में बच्चों ने विभिन्न नारों के माध्यम से अभिभावकों से अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने की अपील की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि जन-जागरूकता और आमजन के सहयोग से ही पोलियो जैसी गंभीर बीमारी का उन्मूलन संभव हो सका है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि 28 जून 2026 को आयोजित होने वाले बूथ दिवस पर सभी अभिभावक अपने बच्चों को पोलियो की खुराक जरूर पिलाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया ने बताया कि जनपद में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 3,11,141 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के लिए नगरीय क्षेत्र खलीलाबाद में 27 बूथ सहित कुल 9 विकासखंडों में 858 बूथ बनाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए 489 हाउस-टू-हाउस टीमें, 28 ट्रांजिट टीमें और 13 मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं, जो 29 जून से 03 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी बूथों के समय से संचालन और वैक्सीन की कोल्डचेन व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि पोलियो मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाते हुए हर बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं।



More Stories
बाबा बैजूनाथ धाम से मुख्यमंत्री योगी ने दी 475 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, बैजूनाथ धाम पहुंचकर मंडलायुक्त-डीआईजी सहित अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा
मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में डीएम ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश