
संत कबीर नगर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आलोक कुमार ने विशेष अभियान दिवस पर विधानसभा क्षेत्र 314-धनघटा (अ.जा.) के विभिन्न बूथों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने आलेख्य प्रकाशन के बाद छूटे हुए एवं पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जाने तथा निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित एवं परिष्कृत बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान का जायजा लिया। उल्लेखनीय है कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन 06 जनवरी 2026 को किया जा चुका है और वर्तमान में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है।
विशेष अभियान दिवस पर सभी बीएलओ अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर संबंधित निर्वाचक नामावली का वाचन कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ से प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की संख्या, 18 वर्ष पूर्ण कर चुके नए मतदाताओं द्वारा जमा किए गए फार्म-6 की स्थिति तथा अन्य बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने प्रगति की गुणवत्ता एवं यथार्थता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
स्थलीय निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने विश्वनाथपुर के बूथ संख्या 515 एवं 516, हरिहरपुर प्रथम के बूथ संख्या 12 से 16 तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय महुली द्वितीय के बूथ संख्या 75 से 81 तक का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाताओं को नामावली पढ़कर सुनाने और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी धनघटा डॉ. सुनील कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



More Stories
श्रीशंकर फिलिंग स्टेशन नोक्ता का भव्य शुभारंभ, सुबोध यादव ने फीता काटकर किया उद्घाटन
उप जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष पुनरीक्षण पूर्व की जाने वाली मतदेय स्थलों के गतिविधियों की तैयारी/संभाजन के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ बैठक हुई आयोजित।
डीएम की अध्यक्षता में जनपद में संचालित पेयजल योजनाओं के प्रगति की समीक्षा बैठक हुई आयोजित।