Saaf Sandesh News

Hindi News, हिन्दी न्यूज़, Latest News In Hindi, Breaking News,Saaf Sandesh,Saaf Sanesh News, Headlines Today (हिंदी समाचार)

रविदास जयंती को लेकर पुलिस सतर्क, ऑनलाइन बैठक में एसपी ने दिए कड़े निर्देश

Spread the love

 

साफ संदेश , संतकबीरनगर। आगामी संत रविदास जयंती को शांतिपूर्ण व सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शनिवार को गूगल मीट के माध्यम से जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ ऑनलाइन गोष्ठी कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी, विशेष शाखाओं के प्रभारी व यूपी-112 सहित अन्य इकाइयों के अधिकारी शामिल रहे। एसपी ने स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने प्रभात फेरी, जुलूस, सांस्कृतिक कार्यक्रम व पूजा समारोहों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल लगाने के निर्देश दिए गए हैं। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाने पर भी जोर दिया गया।

एसपी ने कहा कि जयंती पारंपरिक रूप से ही मनाई जाए, किसी नई परंपरा की अनुमति नहीं होगी। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर नियंत्रण रखने तथा आपत्तिजनक या भड़काऊ गीत बजाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनपद में स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, लगातार गश्त बढ़ाने और हर सूचना पर त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए संबंधित इकाइयों को सतर्क रहने को कहा गया। आपात सेवा वाहनों को सक्रिय रखते हुए निरंतर पेट्रोलिंग के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी सौहार्द बनाए रखें, अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

[horizontal_news]
Right Menu Icon