गोण्डा।शासन के निर्देश पर जनपद में फसल बीमा सप्ताह 01 दिसंबर से 07 दिसंबर तक मनाया जा रहा। बुधवार को कलेक्ट्रेट में डीएम मार्कण्डेय शाही ने पीएम फसल बीमा योजना के जन जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि पीएम फसल बीमा योजना सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जो किसानों के लिए वरदान साबित हो रही। उन्होंने किसानों का आवाहन किया कि किसान अपनी फसल का नियत तिथि 31 दिसंबर तक बीमा करा लें। योजना में छोटा प्रीमियम देकर बड़ी सुरक्षा पा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों व बीमा कम्पनी के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि वे समर्पित भाव से काम कर किसानों के कल्याणर्थ कार्यों में जुटे। इस योजना के लागू होने से तय व्यवस्था के अनुसार उन्हें क्षतिपूर्ति का लाभ मिल सकेगा।
उपनिदेशक कृषि शैलेन्द्र सिंह शाही ने पीएम फसल बीमा योजना के उद्देश्य व प्रासंगिकता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना से प्राकृतिक आपदाओं से अधिसूचित क्षेत्र में बोई गई अधिसूचित फसल को बीमा कवर प्रदान करने, कृषि उन्नत तकनीकी के प्रयोग को बढ़ावा देने, आपदा वर्षों में कृषि आय को स्थिर रखना है।
जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव ने पीएम फसल बीमा योजना की बारीकियों की ना केवल जानकारी दी बल्कि इसे किसानों के लिए वरदान बताया। उन्होंने अधिसूचित फसल, बीमा की इकाई, बीमित राशि, प्रीमियम की राशि, बीमा की अंतिम तिथि बताई। किसान फसल नुकसान होने पर टोल फ्री नंबर 1800-200-5142 संबंधित बैंक शाखा, कृषि व उद्यान कार्यालय व क्रॉप इंश्योरेंस एप के माध्यम से सूचित कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आपदा की स्थिति में किसान द्वारा 72 घंटे के अंदर सूचना देना अनिवार्य है।
इस अवसर पर सीआरओ जयनाथ यादव, सिटी मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता, डीएफओ आरके त्रिपाठी, डीडी एग्रीकल्चर शैलेन्द्र शाही, जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



More Stories
मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान: डीएम ने 314-धनघटा (अ.जा.) के बूथों का किया स्थलीय निरीक्षण
थाना महुली का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश
गोवर्धन घाट पर श्री सीताराम महायज्ञ के लिए हनुमान ध्वजा की स्थापना