Saaf Sandesh News

Hindi News, हिन्दी न्यूज़, Latest News In Hindi, Breaking News,Saaf Sandesh,Saaf Sanesh News, Headlines Today (हिंदी समाचार)

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान: तीनों विधानसभा क्षेत्रों में एसडीएम ने बूथों का किया निरीक्षण, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने पर दिया जोर

Spread the love

 

– विशेष अभियान दिवस पर मेहदावल, खलीलाबाद और धनघटा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों पर पहुंचकर अधिकारियों ने परखी कार्यप्रगति

– अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के निर्देश

संतकबीरनगर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद में निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत आयोजित विशेष अभियान दिवस पर तीनों विधानसभा क्षेत्रों में प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित उप जिलाधिकारियों ने बूथों पर पहुंचकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा संशोधन संबंधी कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। साथ ही बीएलओ और सुपरवाइजर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

विधानसभा क्षेत्र 312-मेहदावल में उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार ने बूथ संख्या 561, 312, 558, 559 और 560 सहित अन्य मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी संबंधित बूथों पर सुपरवाइजर एवं बीएलओ मतदाता सूची तथा फॉर्म-6, 7 और 8 के साथ उपस्थित मिले। अभियान के दौरान मतदाता सूची में नाम जुड़वाने एवं संशोधन के लिए पहुंचे लोगों के आवेदन भी भरवाए गए।

 

इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र 313-खलीलाबाद में उप जिलाधिकारी हृदय राम तिवारी ने बूथ संख्या 350, प्राथमिक विद्यालय मीरगंज बूथ संख्या 281, प्राथमिक विद्यालय भुजैनी बूथ संख्या 237, प्राथमिक विद्यालय चंगेरा-मंगेरा, प्राथमिक विद्यालय चिउटना बूथ संख्या 132 तथा बूथ संख्या 171 का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ एवं सुपरवाइजर से फॉर्म-6, 7 और 8 प्राप्त होने की जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र युवक-युवतियों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

 

विधानसभा क्षेत्र 314-धनघटा (अजा) में उप जिलाधिकारी वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता ने बूथ संख्या 314, 345, 346, 378, 380, 339, 88, 89, 90 और 91 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ एवं सुपरवाइजर से मतदाता सूची पुनरीक्षण के तहत प्राप्त फॉर्म-6, 7 और 8 की जानकारी लेते हुए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

 

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बीएलओ को निर्देशित किया कि जिन पात्र नागरिकों की आयु 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है और जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उनसे फॉर्म-6 भरवाकर नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की जाए। इसके अलावा मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों के संशोधन के लिए भी निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 

अधिकारियों ने कहा कि विशेष अभियान दिवस के साथ ही अन्य दिनों में भी बीएलओ अपने निर्धारित दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करें। मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए कार्यों में पारदर्शिता, शुद्धता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

 

प्रशासन ने अपील की है कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवक-युवतियां अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए संबंधित बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म-6 भरें।

[horizontal_news]
Right Menu Icon