
संतकबीरनगर। जिले के मेहदावल थाना क्षेत्र के जमोहरा गांव में रविवार दोपहर जमीन विवाद को लेकर हिंसक घटना सामने आई। खेत में गेहूं की बुवाई कर रहे लोगों पर फायरिंग और लाठी-डंडों से हमला किए जाने का आरोप है। घटना में गोली लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान रामकेश यादव (36) पुत्र फेकू राम और पहलाद यादव (42) पुत्र राम कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों के सीने में गोली लगी थी। वहीं, घटना में घनश्याम यादव को गोली लगी, जबकि सहल यादव के सिर में लाठी से चोट आई है। दोनों घायलों को उपचार के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
परिजनों की ओर से दी गई शिकायत के मुताबिक, संबंधित जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार को खेत में गेहूं की बुवाई के दौरान विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान तमंचे से फायरिंग और लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसमें दो लोगों की जान चली गई और दो अन्य घायल हो गए।
घटना के संबंध में मृतकों के परिजनों की शिकायत पर मुरली यादव, अजय यादव, आकाश, सुग्रीव यादव, सुनील यादव और राकेश यादव समेत सात नामजद तथा कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बताया कि मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। गांव में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
दो लोगों की मौत के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।



More Stories
छठ घाट भस्मा में ‘एक दिया शहीदों के नाम’ जलाकर दी श्रद्धांजलि
सूडान की डॉ. लीना अहमद दब्बा की पुस्तक ‘संत सौरभ : द क्राउनलेस किंगडम ऑफ ह्यूमैनिटी’ का कवर लोकार्पित
गरीबों के इलाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने अस्पताल में परखी स्वास्थ्य सेवाएं !