
मुख्यमंत्री के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ सीधा प्रसारण
संतकबीरनगर। मिशन रोजगार के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग एवं उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से विभिन्न विभागों में चयनित 818 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में देखा और सुना गया।
जनपद में आयोजित कार्यक्रम में विधायक मेहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी, विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान, जिलाधिकारी आलोक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया समेत अन्य अधिकारी एवं नवचयनित अभ्यर्थी मौजूद रहे।
इस दौरान विधायकगण एवं जिलाधिकारी ने जनपद के नवचयनित होम्योपैथिक फार्मासिस्ट एवं एक्स-रे टेक्निशियन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर सम्मानित किया। विधायकगण ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करने की अपेक्षा जताई।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में नवचयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए पारदर्शी चयन प्रक्रिया के लिए आयोग एवं बोर्ड के प्रयासों की सराहना की। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद अभ्यर्थियों में खुशी का माहौल रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, नवचयनित अभ्यर्थियों के अभिभावक एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



More Stories
न्यायिक अधिकारी ने वृद्धाश्रम का किया निरीक्षण, बुजुर्गों से जाना सुविधाओं का हाल
आईजीआरएस के असंतुष्ट फीडबैक पर डीएम सख्त, अधिकारियों को गुणवत्ता सुधारने के निर्देश
‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा