
जनपद के 50 उत्कृष्ट शिक्षक-शिक्षिकाएं अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित

संत कबीर नगर। शिक्षक दिवस के अवसर पर गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सम्मानित शिक्षक-शिक्षिकाओं को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम एवं उद्बोधन का सजीव प्रसारण शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में अधिकारियों एवं सम्मानित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने देखा और सुना।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत प्रशासक एवं मुख्य अतिथि बलिराम यादव, जिलाधिकारी आलोक कुमार तथा मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की मौजूदगी में जनपद के प्रत्येक विकासखंड से चयनित पांच-पांच उत्कृष्ट शिक्षक-शिक्षिकाओं को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस प्रकार जिले के कुल 50 उत्कृष्ट शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मान मिला। कार्यक्रम में डायट प्राचार्य डॉ. नागेंद्र सिंह ने भी शिक्षकों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत प्रशासक एवं मुख्य अतिथि बलिराम यादव ने जनपद के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के साथ उन्हें संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाने में शिक्षकों का योगदान अहम है।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि शिक्षक समाज का निर्माणकर्ता होता है। आज हम जो कुछ भी हैं, उसमें किसी न किसी गुरु और शिक्षक का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की अपेक्षा है कि शिक्षक बच्चों को ज्ञान के साथ-साथ संस्कार भी प्रदान करें, ताकि वे शिक्षित होने के साथ जीवन में सफल और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
डीएम ने कहा कि शिक्षक दिवस शिक्षकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर है। प्रत्येक व्यक्ति के विकास और उन्नति में शिक्षक की भूमिका विशेष होती है। शिक्षा ऐसी ऊर्जा है, जिसके बल पर व्यक्ति समाज और जीवन की विभिन्न चुनौतियों का सामना कर सकता है। उन्होंने जनपद के सभी शिक्षकों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल आयोजन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह के निर्देशन में हुआ, जबकि संचालन खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र प्रसाद ने किया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार, डायट प्राचार्य डॉ. नागेंद्र सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज, सभी खंड शिक्षा अधिकारी तथा जनपद के सम्मानित शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।



More Stories
महुली पुलिस का अतिक्रमण के खिलाफ कड़ा प्रहार, दुकानदारों से संवाद कर हटवाया कब्जा
इटौवा की डिजिटल लाइब्रेरी का डीपीआरओ ने किया औचक निरीक्षण
गुरुजनों के सम्मान में छलका नौनिहालों का स्नेह