
संत कबीर नगर । कृषि विज्ञान केंद्र, संत कबीर नगर में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के उपघटक ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ के अंतर्गत कृषकों को सिंचाई जल के कुशल एवं प्रभावी उपयोग तथा आधुनिक सिंचाई तकनीकों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. देवेश कुमार, वैज्ञानिक (कृषि अभियंत्रण) ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से कृषकों को ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली, जल की बचत, फसल की आवश्यकता के अनुसार सिंचाई तथा आधुनिक सिंचाई तकनीकों के उपयोग से उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। डॉ. तरुण कुमार, वैज्ञानिक (कृषि वानिकी) ने बताया कि सीमित जल संसाधनों के बीच ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ की अवधारणा को अपनाकर प्रत्येक बूंद पानी का अधिकतम उपयोग किया जा सकता है। सूक्ष्म सिंचाई तकनीकों के प्रयोग से जल की बचत के साथ-साथ उर्वरकों के बेहतर उपयोग, फसल की गुणवत्ता में सुधार तथा कृषि लागत को कम करने में भी मदद मिलती है।
जिला उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त मल्ल ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना एवं उद्यान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी कृषकों को दी। उन्होंने योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्रता, प्रक्रिया एवं विभागीय सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्रदान की।
डॉ. धर्मेंद्र कुमार, वैज्ञानिक (आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन) तथा डॉ. अभिनव सिंह, वैज्ञानिक (कृषि प्रसार) ने कृषकों द्वारा आधुनिक सिंचाई उपकरणों एवं उनके संचालन से संबंधित पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का समाधान करते हुए आवश्यक तकनीकी जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कृषकों को जल संरक्षण आधारित आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना तथा कम पानी में अधिक उत्पादन, बेहतर गुणवत्ता एवं कृषि आय में वृद्धि के लिए प्रेरित करना रहा।



More Stories
खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कुट्टू आटा, पनीर और तिल के तेल के नमूने लिए
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या की गणना) हेतु दो चरणों में फील्ड ट्रेनर्स का 06 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ संपन्न।
डीएम व एसपी द्वारा समाधान दिवस पर थाना कोतवाली खलीलाबाद पर पहुंचकर सुनी गयी जनता की समस्याएं, सम्बन्धित को दिये गये आवश्यक दिशा निर्देश