
संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) को बड़ी सौगात देते हुए उनके लाभांश में बढ़ोतरी की घोषणा की है। अब कोटेदारों को 90 रुपये प्रति कुंतल के स्थान पर 125 रुपये प्रति कुंतल लाभांश मिलेगा। लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम का कलेक्ट्रेट सभागार में खलीलाबाद विधायक अंकुर राज तिवारी, जिलाधिकारी आलोक कुमार और मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की मौजूदगी में सजीव प्रसारण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत ई-पास आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया। लाभांश बढ़ाए जाने की घोषणा से प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं को लाभ मिलेगा।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विधायक अंकुर राज तिवारी ने मुख्यमंत्री के निर्णय पर आभार जताते हुए कहा कि राशन वितरण व्यवस्था में कोटेदारों की भूमिका महत्वपूर्ण है। कोटेदार बिना किसी वेतन के सरकार की योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में लगातार सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोटेदारों की मेहनत का उचित प्रतिफल मिले, इसी सोच के साथ सरकार ने लाभांश बढ़ाने का निर्णय लिया है।
विधायक ने जनपद के सभी कोटेदारों को बधाई देते हुए दुकानों को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने दुकानों पर निर्धारित 39 प्रकार के सामान उपलब्ध रखने की बात कही, जिससे कोटेदारों की आय में भी वृद्धि हो सके।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने लाभांश बढ़ाए जाने पर कोटेदारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राशन वितरण व्यवस्था में उचित दर विक्रेताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों एवं कोटेदारों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को समय से राशन उपलब्ध हो।
863 कोटेदार होंगे लाभान्वित
जनपद में लाभांश बढ़ने से कुल 863 उचित दर विक्रेता लाभान्वित होंगे। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कराया गया। मेहदावल विधानसभा क्षेत्र में 170, धनघटा में 150 तथा खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र में 150 उचित दर विक्रेताओं ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मेहदावल और धनघटा का कार्यक्रम संबंधित तहसील के मीटिंग हाल में आयोजित हुआ।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदयराम तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार, पूर्ति निरीक्षक अभय नारायण सहित जनपद के उचित दर विक्रेता मौजूद रहे।



More Stories
खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कुट्टू आटा, पनीर और तिल के तेल के नमूने लिए
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या की गणना) हेतु दो चरणों में फील्ड ट्रेनर्स का 06 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ संपन्न।
डीएम व एसपी द्वारा समाधान दिवस पर थाना कोतवाली खलीलाबाद पर पहुंचकर सुनी गयी जनता की समस्याएं, सम्बन्धित को दिये गये आवश्यक दिशा निर्देश