
संत कबीर नगर। आगामी 80वें स्वतंत्रता दिवस के आयोजन को भव्य, गरिमामय एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत बनाने के लिए जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए सभी अधिकारियों को समयबद्ध एवं जिम्मेदारी के साथ तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि 09 से 17 अगस्त 2026 तक जनपद में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनपदवासियों से अपने घरों, दुकानों, कार्यालयों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा सही क्रम में फहराया जाए तथा उसका पूर्ण सम्मान बनाए रखा जाए।
बैठक में बताया गया कि 15 अगस्त को सुबह 6 से 8 बजे तक प्रभात फेरी एवं प्रार्थना कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके बाद सुबह 8 बजे सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इस वर्ष झंडारोहण के उपरांत राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन भी कराया जाएगा।
डीएम ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं अमर शहीदों के परिजनों को सम्मानित करने, शहीद स्मारकों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई तथा वहां तक पहुंचने वाले मार्गों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीत, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं सहित विविध कार्यक्रम आयोजित कराने के भी निर्देश दिए।
बैठक में 12 अगस्त को विकास भवन से मौलाना आजाद इंटर कॉलेज तक तिरंगा रैली तथा 13 अगस्त को जिला सैनिक कल्याण भवन में तिरंगा कॉन्सर्ट आयोजित किए जाने पर भी चर्चा हुई। साथ ही अधिक से अधिक लोगों से HarGharTiranga.com पोर्टल पर तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड करने की अपील की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रीय ध्वज का किसी भी प्रकार से अपमान करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों की तत्काल सूचना प्रशासन को देने की भी अपील की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।



More Stories
60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की तैयारी, अनुपूरक बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान !
छात्रवृत्ति वितरण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, एनपीसीआई मैपिंग व आधार सीडिंग समय से पूरी कराएं: सीडीओ
बगही की हाईटेक नर्सरी का डीएम ने किया निरीक्षण, किसानों तक अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश