
139 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने का किया ऐलान

संतकबीरनगर। धनघटा तहसील क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक एवं पवित्र बाबा बैजूनाथ धाम की धरती पर गुरुवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। मुख्यमंत्री ने बाबा बैजूनाथ महादेव का विधिवत दर्शन-पूजन कर जनपदवासियों के सुख, समृद्धि एवं विकास की कामना की। इसके बाद आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने धनघटा विधानसभा क्षेत्र सहित गोरखपुर के खजनी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए 475 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 139 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के विकास के लिए संकल्पित है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने बाबा बैजूनाथ धाम की भव्यता और क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, सड़कों के विस्तार, गीडा के विकास से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार हुए हैं। प्रदेश आज विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन कराया और लाभार्थियों को आवास स्वीकृति पत्र, प्रतीकात्मक चेक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम, सांसद जगदंबिका पाल, विधायक खजनी राम चौहान, विधायक खलीलाबाद अंकुर राज तिवारी, विधायक मेहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी, विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान, विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह, विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंशी, भाजपा जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती नीतू सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ल, पूर्व सांसद इंद्रजीत मिश्र, पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल, पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर लगातार निगरानी की। प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए।
मुख्यमंत्री के आगमन और विकास परियोजनाओं की सौगात से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल रहा। लोगों ने इसे संतकबीरनगर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।



More Stories
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, बैजूनाथ धाम पहुंचकर मंडलायुक्त-डीआईजी सहित अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा
मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में डीएम ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 जून को संतकबीरनगर दौरे पर, बड़गो बसवारी में करेंगे जनसभा