
शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं त्योहार: डीएम
अफवाह फैलाने वालों और अराजक तत्वों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसपी

संत कबीर नगर। आगामी त्योहार मोहर्रम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना की संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी (शांति समिति) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में मोहर्रम के जुलूस एवं ताजिया मार्गों का पहले से भौतिक सत्यापन कर लें। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने कहा कि त्योहार को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाए। जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, बिजली के लटकते तारों को दुरुस्त करने तथा आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कहा कि त्योहार के दौरान माहौल खराब करने वाले अराजक तत्वों, अफवाह फैलाने वालों और सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। ऐसे लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों से संवाद कर शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस अथवा यूपी-112 को दें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्य प्रकाश, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, डिजिटल वॉलंटियर्स, धर्मगुरु एवं पीस कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।



More Stories
खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कुट्टू आटा, पनीर और तिल के तेल के नमूने लिए
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या की गणना) हेतु दो चरणों में फील्ड ट्रेनर्स का 06 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ संपन्न।
डीएम व एसपी द्वारा समाधान दिवस पर थाना कोतवाली खलीलाबाद पर पहुंचकर सुनी गयी जनता की समस्याएं, सम्बन्धित को दिये गये आवश्यक दिशा निर्देश