
संत कबीर नगर । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, संत कबीर नगर के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन में न्यायालय सभागार, संत कबीर नगर में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, संत कबीर नगर की सचिव सुश्री अनन्या साह द्वारा किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य, शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। स्वस्थ मन व्यक्ति की कार्यक्षमता, निर्णय लेने की क्षमता तथा जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कार्य की व्यस्तता एवं विभिन्न परिस्थितियों के कारण उत्पन्न तनाव को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना, नियमित व्यायाम करना, पर्याप्त नींद लेना तथा सकारात्मक सोच बनाए रखना स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक है। उन्होंने सभी से अपने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों की सलाह लेने की अपील की।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग से उपस्थित विशेषज्ञों ने मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. तवांगी मणि शुक्ला ने मानसिक स्वास्थ्य एवं मनोवैज्ञानिक समस्याओं के संबंध में जानकारी दी। मनोचिकित्सक डॉ. अमरेंद्र कुमार आनंद ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व तथा तनाव प्रबंधन के विषय में अपने विचार रखे। वहीं, ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. एस.पी. सिंह ने शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यायाम एवं उपयोगी गतिविधियों की जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने दैनिक जीवन में नियमित व्यायाम, संतुलित दिनचर्या और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता अपनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में समस्त न्यायिक अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।



More Stories
डीएम ने शहर के समय माता मंदिर स्थित पक्का पोखरा के सौंदर्यीकरण आदि से संबंधित निर्माण कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
डीएम की अध्यक्षता में शारदीय नवरात्रि, दुर्गापूजा/दशहरा एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से मनाये जाने के दृष्टिगत जिला शांति समिति की बैठक हुई आयोजित।
पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी की पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब