
ब्लॉक प्रमुख रामवृक्ष यादव व पूर्व जिलाध्यक्ष जगदंबा लाल श्रीवास्तव ने काटा केक, दीर्घायु की कामना
वैश्विक पटल पर भारत का गौरव बढ़ाने के लिए इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होगा पीएम का नाम : रामवृक्ष यादव
समृद्ध, आत्मनिर्भर और स्वाभिमानी भारत का रोडमैप तैयार कर रहे पीएम मोदी : जगदंबा लाल श्रीवास्तव
नाथनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन बुधवार को नाथनगर ब्लॉक परिसर में धूमधाम से मनाया गया। ब्लॉक प्रमुख रामवृक्ष यादव और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जगदंबा लाल श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और ब्लॉक कर्मियों ने केक काटकर प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। कार्यक्रम में शामिल लोगों को ब्लॉक प्रमुख की ओर से अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बीडीओ कुलदीप कुमार, ब्लॉक कर्मियों और भाजपा नेताओं की मौजूदगी में ब्लॉक प्रमुख रामवृक्ष यादव व पूर्व जिलाध्यक्ष जगदंबा लाल श्रीवास्तव ने हैप्पी बर्थडे की धुन के बीच केक काटा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के दीर्घायु की कामना करते हुए खुशी जताई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख रामवृक्ष यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक पटल पर भारत का गौरव बढ़ाने का कार्य किया है। उनकी नेतृत्व क्षमता और कार्यकुशलता से समाज के दबे-कुचले वर्ग को न्याय एवं सम्मान दिलाने के लिए किए जा रहे प्रयास अविस्मरणीय हैं। उन्होंने कहा कि देश को नई दिशा देने में प्रधानमंत्री की भूमिका को इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में दर्ज किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जगदंबा लाल श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और कार्यक्रमों से देश को समृद्ध, आत्मनिर्भर और स्वाभिमानी बनाने का रोडमैप तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि देशहित और देशवासियों के कल्याण के लिए समर्पित प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आमजन भी गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के दीर्घायु की कामना की।
इस अवसर पर एडीओ आईएसबी अभय सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र राय, बुद्धिसागर पांडेय, विजय कुमार चतुर्वेदी, महुली मंडल अध्यक्ष संतलाल मौर्य, नाथनगर मंडल अध्यक्ष दिनेश चौधरी, प्रधान प्रतिनिधि जितेंद्र ओझा, राम सिंह यादव, मुलायम सिंह यादव, ब्लॉक टीए संजय पांडेय, देवेंद्र कुमार, रामराज, पवन पांडेय, जितेंद्र कुमार, संदीप शुक्ला सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



More Stories
नीलमणि के नेतृत्व में युवाओं ने रक्तदान कर मनाया पीएम मोदी का जन्मदिन
डीएम द्वारा विकासखंड सांथा अंतर्गत गो-आश्रय स्थल अमरहा का किया गया स्थलीय निरीक्षण, गोवंशों के भूसा, चारा, पानी सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
कस्तूरबा विद्यालय में 86 के सापेक्ष 37 छात्र मिले उपस्थित, डीएम ने जताई नाराजगी