
अंग्रेजी शिक्षक नहीं, भवन व शौचालय की स्थिति भी मिली खराब; जांच के दिए निर्देश
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने सांथा विकासखंड के खजुरी स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं में कई खामियां सामने आईं। पंजीकृत 86 छात्राओं के सापेक्ष महज 37 छात्राएं ही उपस्थित मिलीं। वहीं तीन पूर्णकालिक शिक्षिकाओं के सापेक्ष एक शिक्षिका अनुपस्थित पाई गईं।
डीएम ने छात्राओं से पठन-पाठन की गुणवत्ता, शिक्षण कार्य और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली तथा उन्हें नियमित रूप से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि विद्यालय में अंग्रेजी विषय का कोई शिक्षक नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
विद्यालय के शौचालय और भवन की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को टीम गठित कर विद्यालय भवन की तकनीकी जांच कराने तथा जांच आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही भवन की मरम्मत के लिए करीब दो वर्ष पूर्व उपलब्ध कराई गई धनराशि के व्यय की भी जांच कराने को कहा।
निरीक्षण पंजिका में नहीं मिली जुलाई की टिप्पणी
उपस्थिति पंजिका के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने पाया कि जुलाई माह में हुए निरीक्षण से संबंधित कोई टिप्पणी दर्ज नहीं की गई थी। इस पर उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा विद्यालय के बगल में निर्माणाधीन उच्चीकृत विद्यालय का भी जायजा लिया। डीएम ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ओएसडी राकेश कुमार, कृष्णा गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



More Stories
नीलमणि के नेतृत्व में युवाओं ने रक्तदान कर मनाया पीएम मोदी का जन्मदिन
केक काटकर नाथनगर ब्लॉक में धूमधाम से मना पीएम मोदी का जन्मदिन
डीएम द्वारा विकासखंड सांथा अंतर्गत गो-आश्रय स्थल अमरहा का किया गया स्थलीय निरीक्षण, गोवंशों के भूसा, चारा, पानी सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।