
नोडल अधिकारी ने प्रशासनिक अधिकारियों को दिए निर्देश, पुलिस ने नोटिसों के तामीले की दी जानकारी
संतकबीरनगर। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बुधवार को न्यायालय सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। मा. जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रणधीर सिंह के निर्देशन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर जनपद न्यायाधीश-पॉक्सो/नोडल अधिकारी लोक अदालत कृष्ण कुमार-V ने की। बैठक का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनन्या साह ने किया।
नोडल अधिकारी ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों से अपने-अपने विभाग एवं कार्यालय में 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन कर अधिक से अधिक वादों एवं मामलों का निस्तारण कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से लंबित मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित निस्तारण कराकर आमजन को राहत पहुंचाई जा सकती है।
कलेक्ट्रेट की ओर से प्रभारी अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिक से अधिक वादों एवं मामलों के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय से प्राप्त नोटिसों का तामीला कराया जा रहा है। सभी थानों के पैरोकारों को अधिक से अधिक नोटिस तामील कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि संबंधित पक्षकार लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने मामलों का निस्तारण करा सकें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनन्या साह ने कहा कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सभी विभागों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से अधिक से अधिक मामलों को लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित कराने में प्रभावी भूमिका निभाने की अपील की।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया, एआरटीओ प्रियंवदा सिंह, जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार, तहसीलदार धनघटा प्रतिमा मौर्या, नायब तहसीलदार मेहदावल विद्याभूषण, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज, सहायक अभियंता लोक निर्माण विमल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



More Stories
प्रयागराज में स्वास्थ्य सेवा का नया भरोसा बना मीरा हॉस्पिटल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से किया राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ, कलेक्ट्रेट में डीएम व सीडीओ की मौजूदगी में हुआ सीधा प्रसारण
जनपद न्यायाधीश द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत एवं मध्यस्थता अभियान-3.0 के प्रचार-प्रसार के दृष्टिगत जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना।