
संत कबीर नगर ।अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चन्द्रेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला सैनिक कल्याण भवन के वीर चक्र सिपाही सत्यवान सिंह सभागार में आज माह सितंबर की सैनिक बंधु बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें लगभग 40 पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं और उनके आश्रितों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी, कर्नल राम प्रकाश मिश्र ने पीठासीन अधिकारी (अपर जिलाधिकारी न्यायिक) का स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा पूर्व सैनिकों के कल्याण के प्रति उनके प्रयासों और संवेदनशीलता की खुलकर सराहना की। बैठक के दौरान पूर्व सैनिकों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस अवसर पर चकबंदी विभाग से संबंधित मामलों का संज्ञान लेते हुए पीठासीन अधिकारी ने चकबंदी अधिकारी को सभी लंबित मामलों का समयबद्ध और त्वरित निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए। विद्युत विभाग से जुड़े मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने संबंधित एक्सईएन (इलेक्ट्रिक) को इन सभी मामलों का समाधान इसी महीने के भीतर अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए।
नगर पालिका से सम्बंधित विमला देवी और हवलदार अमरजीत यादव द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्रों का संज्ञान लेते हुए, पीठासीन अधिकारी ने ईओ नगर पालिका खलीलाबाद को निर्देशित किया कि वे इन कार्यों को निर्देशानुसार कार्य योजना में शामिल करते हुए इसका प्रमाण पत्र प्रेषित करें।
बैठक के अंत में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन पूर्व सैनिकों के सम्मान और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है तथा उनकी हर समस्या का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदयराम तिवारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपखंड अधिकारी विद्युत सहित सम्बंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



More Stories
घर-घर पहुंचकर 932 पशुओं को लगाया गया संक्रामक रोगों से बचाव का टीका
जनपद में UIDAI आधार सेवा केंद्र संचालित, एक ही छत के नीचे आधार से संबंधित समस्त सुविधाएं होंगी उपलब्ध, समस्याओं का हो सकेगा निस्तारण।
जनपद के उचित दर विक्रेताओं द्वारा ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री को हार्दिक आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया गया।