
तीनों तहसीलों में 171 फरियादियों की सुनी गईं शिकायतें, 16 मामलों का मौके पर निस्तारण
संत कबीर नगर। फरियादियों की शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए शनिवार को जिले की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। धनघटा तहसील में विधायक गणेश चंद्र चौहान, जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना की मौजूदगी में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। जिले की तीनों तहसीलों में कुल 171 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 16 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
धनघटा तहसील में जिलाधिकारी आलोक कुमार ने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कई मामलों में शिकायतकर्ता सहित सभी पक्षों की मौजूदगी में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का समाधान कराने को कहा।
विधायक गणेश चंद्र चौहान ने कहा कि अधिकारी संबंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनते हुए समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करें। शासन फरियादियों की शिकायतों के त्वरित समाधान और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के प्रति गंभीर है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि है। भूमि विवाद अथवा अन्य मामलों में सभी पक्षों को सुनकर स्थलीय जांच कराई जाए। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
धनघटा तहसील में कुल 44 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें पांच मामलों का जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेकर मौके पर ही निस्तारण कराया। शेष प्रकरण संबंधित विभागों को भेजते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कानून-व्यवस्था से संबंधित शिकायतों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने की। उन्होंने पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं थानाध्यक्षों को प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर आवश्यक कार्रवाई करने तथा पीड़ित पक्ष को त्वरित न्याय दिलाने के निर्देश दिए।
मेहदावल में 47 शिकायतें, दो का मौके पर निस्तारण
मेहदावल तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्य प्रकाश ने की। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह मौजूद रहे। कुल 47 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें दो का मौके पर निस्तारण कराया गया। दो मामलों में स्थलीय निरीक्षण के लिए टीम भेजने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनते हुए आवश्यकतानुसार स्थलीय जांच कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान एसडीएम राजकुमार, सीओ सर्व दमन सिंह, तहसीलदार अल्पिका वर्मा सहित तहसील के अधिकारी, राजस्व कर्मचारी एवं लेखपाल मौजूद रहे।
खलीलाबाद में 80 मामले आए, नौ का हुआ निस्तारण
खलीलाबाद तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस की सुनवाई एसडीएम हृदय राम तिवारी ने की। उन्होंने भूमि विवाद, जमीन की पैमाइश, अतिक्रमण, वरासत एवं खतौनी में त्रुटि सहित विभिन्न शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
खलीलाबाद तहसील में कुल 80 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें नौ मामलों का मौके पर निस्तारण कराया गया। छह मामलों में स्थलीय निरीक्षण के लिए टीम भेजने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने कहा कि भूमि संबंधी मामलों में मौके की जांच और दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर सीओ खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, तहसीलदार अनुराग यादव सहित राजस्व निरीक्षक, राजस्व कर्मचारी एवं लेखपाल मौजूद रहे।



More Stories
महुली पुलिस का अतिक्रमण के खिलाफ कड़ा प्रहार, दुकानदारों से संवाद कर हटवाया कब्जा
इटौवा की डिजिटल लाइब्रेरी का डीपीआरओ ने किया औचक निरीक्षण
गुरुजनों के सम्मान में छलका नौनिहालों का स्नेह