
संत कबीर नगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह, गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के पीआरडी स्वयंसेवकों के दैनिक भत्ते में बढ़ोतरी की घोषणा की। अब स्वयंसेवकों को प्रतिदिन 500 रुपये के स्थान पर 600 रुपये दैनिक भत्ता मिलेगा। मुख्यमंत्री ने पीआरडी स्वयंसेवकों के लिए मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ करने के साथ लखनऊ में बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास भी किया।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया। मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित अधिकारी, कर्मचारी एवं पीआरडी स्वयंसेवकों ने मुख्यमंत्री के उद्बोधन एवं कार्यक्रम को देखा और सुना।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने पीआरडी स्वयंसेवकों का दैनिक भत्ता बढ़ाए जाने तथा उन्हें मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना से आच्छादित किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने जनपद के सभी पीआरडी स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए कहा कि विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों एवं आयोजनों के सुव्यवस्थित संचालन में पीआरडी जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने स्वयंसेवकों से अपनी ड्यूटी का और बेहतर ढंग से निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी आराधना द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित जनपद के पीआरडी स्वयंसेवक मौजूद रहे।



More Stories
खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कुट्टू आटा, पनीर और तिल के तेल के नमूने लिए
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या की गणना) हेतु दो चरणों में फील्ड ट्रेनर्स का 06 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ संपन्न।
डीएम व एसपी द्वारा समाधान दिवस पर थाना कोतवाली खलीलाबाद पर पहुंचकर सुनी गयी जनता की समस्याएं, सम्बन्धित को दिये गये आवश्यक दिशा निर्देश