
संतकबीरनगर। नाथनगर ब्लॉक मुख्यालय पर शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। खंड विकास अधिकारी कुलदीप कुमार की मौजूदगी में ब्लॉक प्रमुख रामवृक्ष यादव ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद ब्लॉक प्रमुख ने सभी ब्लॉक कर्मियों को देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी एवं निष्ठा से निर्वहन करने की शपथ दिलाई।

समारोह के दौरान अमर शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद ब्लॉक परिसर में स्थापित शहीद स्थली पर ब्लॉक परिवार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। कर्मचारियों ने संविधान सभा की प्रस्तावना की शपथ लेते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
ब्लॉक कर्मियों को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख रामवृक्ष यादव ने कहा कि देश के लाखों वीर सपूतों के त्याग और बलिदान के बाद हमें आजादी मिली है। इस आजादी को विकास और तरक्की के शिखर तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करना होगा।
बीडीओ कुलदीप कुमार ने कहा कि जाति, धर्म और संप्रदाय की भावना से ऊपर उठकर अमर शहीदों के सपनों का हिंदुस्तान बनाने की जिम्मेदारी हर भारतीय की है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्तव्य पथ पर ईमानदारी से आगे बढ़ते हुए अपनी जिम्मेदारियों को धरातल पर उतारने का प्रयास करना चाहिए। इससे ही देश की उन्नति का मार्ग प्रशस्त होगा।
एडीओ पंचायत सतीश कुशवाहा ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्वच्छता के मापदंडों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने विभागीय कर्मचारियों से देश की तरक्की और खुशहाली में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विश्राम यादव, धर्मेंद्र यादव, देवेश गोस्वामी, भारती शर्मा, जितेंद्र कुमार, मेघनाथ चौधरी,बब्लू निषाद,सफाई कर्मचारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष उदयराज यादव, शिव कुमार, अनिरुद्ध कुमार सहित बड़ी संख्या में ब्लॉक कर्मी मौजूद रहे।



More Stories
खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कुट्टू आटा, पनीर और तिल के तेल के नमूने लिए
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या की गणना) हेतु दो चरणों में फील्ड ट्रेनर्स का 06 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ संपन्न।
डीएम व एसपी द्वारा समाधान दिवस पर थाना कोतवाली खलीलाबाद पर पहुंचकर सुनी गयी जनता की समस्याएं, सम्बन्धित को दिये गये आवश्यक दिशा निर्देश